March 27, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

जिलाधिकारी वैशाली के मार्गदर्शन में गोरौल में औद्योगिक एवं नगरीय विकास की पहल, चीनी मिल एवं कचरा प्रबंधन प्लांट हेतु भूमि चयन प्रक्रिया शुरू

जिलाधिकारी वैशाली के मार्गदर्शन में गोरौल में औद्योगिक एवं नगरीय विकास की पहल, चीनी मिल एवं कचरा प्रबंधन प्लांट हेतु भूमि चयन प्रक्रिया शुरू

 

जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह, भा.प्र.से. के मार्गदर्शन में जिले में औद्योगिक एवं नगरीय विकास को गति देने के उद्देश्य से गोरौल प्रखंड में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। इस क्रम में गोरौल प्रखंड अंतर्गत स्थित रुग्ण चीनी मिल के जीर्णोद्धार अथवा नए चीनी मिल की स्थापना तथा नगर पंचायत गोरौल क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट (कचरा) प्रबंधन हेतु ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चयन एवं अन्य आवश्यक बिंदुओं की समीक्षा की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

जिलाधिकारी महोदया के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता, वैशाली की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। गठित समिति में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, प्रबंधक जिला उद्योग केंद्र एवं संबंधित अंचल अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
अपर समाहर्ता के नेतृत्व में समिति द्वारा गोरौल प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संभावित स्थलों का अवलोकन करते हुए चीनी मिल हेतु आवश्यक भूमि की उपलब्धता एवं उपयुक्तता, गन्ना उत्पादन क्षेत्र की निकटता एवं सिंचाई सुविधा, परिवहन एवं आधारभूत संरचना की स्थिति तथा कचरा प्रबंधन प्लांट हेतु उपयुक्त स्थान एवं पर्यावरणीय पहलुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर आवश्यक सूचनाएं भी संकलित की गईं।

निरीक्षण के उपरांत समिति द्वारा समग्र प्रतिवेदन तैयार कर जिला प्रशासन को शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी वैशाली के मार्गदर्शन में की जा रही यह पहल जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने तथा नगर क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.