March 27, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार, 274 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित

रामनवमी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार, 274 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित

 

रामनवमी के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह, भा.प्र.से.के निर्देशानुसार रामनवमी, शोभायात्रा, जुलूस एवं मेलों को लेकर पूरे जिले में संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस क्रम में वैशाली जिले में कुल 274 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर समय से उपस्थित रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति की निगरानी करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी महोदया ने निर्देश दिया है कि रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले सभी जुलूस एवं शोभायात्राएं पूर्व निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार ही निकाली जाएंगी। बिना अनुमति कोई जुलूस या मार्ग परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी। जुलूस मार्गों पर पड़ने वाले धार्मिक स्थलों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

इस दौरान रामनवमी के अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 कार्यरत रहेगा, जहां से पूरे जिले की विधि-व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी थाना, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी नियंत्रण कक्ष को नियमित रूप से सूचना उपलब्ध कराते रहेंगे, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी।

जिला पदाधिकारी महोदया द्वारा जुलूस मार्गों पर बिजली, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया है। साथ ही जुलूस मार्गों पर लटकते बिजली तारों की जांच एवं आवश्यक सुधार करने का भी निर्देश दिया गया है। वहीं जुलूस में डीजे, भड़काऊ नारे, आपत्तिजनक गीत, अश्लील गाने एवं प्रतिबंधित हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा किसी भी स्थिति में विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए लगातार गश्ती एवं निगरानी करने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि रामनवमी का त्योहार आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द के वातावरण में मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.