April 16, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

अष्टयाम यज्ञ के लिए 551 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

अष्टयाम यज्ञ के लिए 551 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

महुआ, 14 अप्रैल 2026: प्रखंड की मंगुराही स्थित सोमनाथ रूद्र केसरी महादेव मंदिर पर अष्टयाम यज्ञ को लेकर बुधवार को 551 महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली और आपसी प्रेम, अपनत्व व भाईचारे का संदेश दिया।

➤ 10 किमी की पदयात्रा: महिलाएं माथे पर गंगाजल से भरा कलश लेकर यज्ञस्थल से महुआ के वाया नदी तट कालीघाट पहुंचीं। वहां पहलेजा धाम से मंगाए गए गंगाजल को मंत्रोच्चार के बीच कलश में भरा गया। इसके बाद नगर भ्रमण करते हुए वापस यज्ञस्थल पहुंचकर कलश स्थापित किया गया।

➤ भक्ति से गूंजा मार्ग: कलश यात्रा को लेकर महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह दिखा। पूरे रास्ते देवी-देवताओं के जयघोष गूंजते रहे। बैंड-बाजे और आर्केस्ट्रा ट्रॉली पर भक्ति गीत बजते रहे। रथ पर सजी झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं। बड़ी संख्या में युवा हाथों में सनातन धर्म के झंडे लेकर चल रहे थे।

➤ श्रद्धालुओं ने की सेवा: रास्ते में श्रद्धालु कलश यात्रियों की सेवा में जुटे रहे। किसी ने सड़क की सफाई की तो किसी ने पानी का छिड़काव किया। जगह-जगह शरबत, ठंडा जल और नींबू पानी की व्यवस्था की गई।

➤ शुरू हुआ अखंड जाप: कलश स्थापना के साथ ही राम नाम का अखंड जाप शुरू हुआ, जिसका समापन गुरुवार दोपहर होगा। अष्टयाम यज्ञ को लेकर पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

➤ ये रहे सक्रिय: यात्रा में रामजी सिंह, मुकेश सिंह कुशवाहा, दीपक कुमार, बिंदेश्वर सिंह, राजीव कुमार, धर्मवीर कुमार, मुकेश राय, राज नारायण सिंह, श्याम सुंदर चौधरी, मुखिया पति प्रदीप यादव, पूर्व पार्षद अशोक कुमार अकेला आदि का सक्रिय सहयोग रहा।

रिपोर्ट: रेणु सिंह, महुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.