स्वगणना अभियान एवं एचपीवी टीकाकरण जागरूकता में जिला पदाधिकारी की सक्रिय सहभागिता, महिलाओं में दिखा उत्साह
स्वगणना अभियान एवं एचपीवी टीकाकरण जागरूकता में जिला पदाधिकारी की सक्रिय सहभागिता, महिलाओं में दिखा उत्साह
दिनांक: 28.04.2026
स्वगणना अभियान एवं एचपीवी टीकाकरण जागरूकता में जिला पदाधिकारी की सक्रिय सहभागिता, महिलाओं में दिखा उत्साह
जिला पदाधिकारी वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में आज बिदुपुर प्रखंड अंतर्गत सादुल्लापुर धबौली पंचायत स्थित सामुदायिक भवन में स्वगणना अभियान एवं एचपीवी (सर्वाइकल कैंसर रोकथाम) टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी स्वयं कार्यक्रम में शामिल हुईं तथा उपस्थित महिलाओं, जीविका दीदियों, कृषि सखियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर स्वगणना एवं आगामी जनगणना कार्य की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वगणना नागरिक सहभागिता का सशक्त माध्यम है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार की सही एवं अद्यतन जानकारी स्वयं दर्ज कर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बन सकता है।
जिला पदाधिकारी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की आधारशिला है। सही जानकारी उपलब्ध होने से सरकार की योजनाएं अधिक प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि वे स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा एचपीवी वैक्सीनेशन एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु यह टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इससे भविष्य में गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आग्रह किया कि वे स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें तथा योग्य लाभार्थियों को टीकाकरण हेतु प्रेरित करें।
जिला पदाधिकारी के प्रेरक संबोधन एवं सहज संवाद शैली से उपस्थित महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने स्वगणना, जनगणना तथा एचपीवी टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया।
जिला प्रशासन वैशाली द्वारा जनहित एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में जागरूकता का प्रभावी वातावरण तैयार किया जा रहा है, जिसकी सर्वत्र सराहना हो रही है।
