अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आने से साढ़े चार वर्षीय बालक की मौत
अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आने से साढ़े चार वर्षीय बालक की मौत
विभूतिपुर/समस्तीपुर
थाना क्षेत्र अंतर्गत दलसिंहसराय रोसड़ा मुख्यपथ एस एच 88 तरुणिया चौक पर अनियंत्रित अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन की चपेट में आने से एक साढ़े चार वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महमदपुर सकड़ा वार्ड 01 टोला तरुणिया निवासी पंकज कुमार का पुत्र सुजीत कुमार बताया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सुजीत अपने भाई बहन के साथ बगल के स्कूल एवं स्कूल कैंपस में ही संचालित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 215 में पढ़ने के लिए गया था। वहां से वह घर लौट रहा था। तभी सड़क पार करने के दौरान दलसिंहसराय की ओर से आ रही स्कॉर्पियो वाहन की चपेट में आ गया। जिससे उसका मौके पर ही मौत हो गया। वही स्कार्पियो चालक वाहन के साथ फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की माता आशा देवी, पिता पंकज कुमार, दादी कृष्णा देवी, परदादी पार्वती देवी, परदादा बच्चन राय सहित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा था। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर ही सड़क जामकर यातायात बाधित कर दिया। यातायात बाधित होने से सड़क के दोनों और गाड़ियों की लंबी कतार लग गए। जाम में शामिल लोगों का कहना था कि सड़क पर ब्रेकर व वाहन की स्पीड लिमिट नहीं होने के कारण प्रतिदिन कोई ना कोई अप्रिय घटना घटती रहती है। जाम में शामिल लोग प्रशासन से सड़क पर ब्रेकर एवं स्पीड नियंत्रण के लिए जगह-जगह कैमरा लगवाने की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना पर विभूतिपुर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझने का प्रयास किया परंतु लोग नहीं माने। पुन: विभूतिपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार, आर ओ कैलाश मंडल, एवं सीडीपीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे। बड़ी मशक्कत के बाद लोगों को समझा बुझाकर सड़क जाम समाप्त करवाया एवं प्रारंभिक प्रक्रिया के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। बता दे की मृतक सुजीत तीन भाई बहनों में छोटा था। सबसे बड़ी बहन सौम्या कुमारी 8 वर्ष दूसरी कक्षा की छात्रा है। वही भाई अमृत कुमार 6 वर्ष का है।
