ट्रक से कुचलकर पति की मौत पत्नी घायल महुआ थाना के पास वाया नदी सड़क पुल के उत्तरी छोर पर हुई घटना, भागते ट्रक को लोगों ने पकड़ कर चालक को धुनाई कर किया पुलिस के हवाले घटना से मृतक के परिजनों में मचा कोहराम, आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर 6 घंटे तक रखा जाम महुआ। नवनीत कुमार महुआ बाया नदी सड़क पुल के उत्तरी छोर पर रविवार की सुबह एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपति को पीछे से ठोकर मार दी। इस घटना में पति की मौत ट्रक से कुचल जाने के कारण घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को लोगों ने आनन-फानन में महुआ अनुमंडल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। इधर घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने महुआ का लाइफ लाइन कहा जाने वाला सड़क पुल को जाम कर दिया। मृतक 36 वर्षीय सुधीर शर्मा राजापाकर थाने के बरियारपुर नीरपुर निवासी स्व महेंद्र शर्मा का पुत्र था। बताया जा रहा है कि सुरेश सुधीर शर्मा अपनी भगिनी के यहां बाघी बलरा बीते शनिवार को गया था। इस बीच वह अपनी पत्नी 32 वर्षीया रेणु देवी के साथ बाइक से रविवार की सुबह घर वापस लौट रहा था। वह जैसे ही महुआ बाजार पारकर वाया नदी सड़क पुल पर चढ़ा ही था कि अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से ठोकर मार दी। जिसमें पति पत्नी बाइक सहित गिर गए। इस घटना में सुधीर शर्मा का सिर कुचल जाने से घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि पत्नी रेणु देवी को घायल अवस्था में लोगों ने इलाज के लिए महुआ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। इधर इस घटना की खबर आग की तरह फैली। काफी संख्या में लोग पहुंच गए और महुआ बाजार का लाइफ लाइन सड़क पुल के दोनों ओर बांस बल्ले रखकर जाम कर दिया। पांच घंटे तक फूल को जाम कर जमे रहे लोग: महुआ बाय नदी सड़क पुल पर बाइक सवार व्यक्ति को कुचल जाने से आक्रोशित लोग 5 घंटे तक जमे रहे। इस बीच उन्होंने पुल के दोनों ओर से बांस बल्ले रखकर जाम कर दिया। यह घटना 9:40 बजे सुबह के आसपास हुई जो अपराहन 2:20 बजे काफी मशक्कत के बाद समाप्त हुई। घटना इस सूचना पर थाने से एएसआई अजय कुमार सिंह, शिवेंद्र नारायण सिंह आदि पुलिस के जवानों को लेकर पहुंचे और लोगों में शांति बनाए रखा। यहां सबसे बात बड़ी बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बाद लोग उग्र नहीं हुए। शांति से सड़क को जाम कर मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करते रहे। मृतक के ससुराल महुआ के हरपुर ओस्ती से भी पहुंचे लोग: मृतक सुधीर शर्मा का ससुराल महुआ के हसनपुर ओस्ती पंचायत अंतर्गत हरपुर ओस्ती वार्ड 13 में उपेंद्र शर्मा के यहां बताया गया है। इस मनहूस खबर पर ससुराल से भी काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे। उधर मृतक के गांव बरियारपुर नीरपुर से भी लोग पहुंच गए और शव पर विलाप करने लगे। इस घटना से मृतक के घर और ससुराल में कोहराम मच गया। पत्नी रेणु देवी तो अपने आंखों के समक्ष पति को खो देने के गम से दहल गई थी और उससे उबर नहीं पा रही थी। मृतक की बड़ी पुत्री की अप्रैल में होनी थी शादी: मृतक सुधीर शर्मा की सबसे बड़ी पुत्री रोशनी की शादी अगले 19 अप्रैल को होनी थी। शादी की तैयारियां पुरजोर तरीके से चल रही थी। इस बीच यह मनहूस घटना हो गई। मृतक को दो पुत्री रोशनी और उषा 2 पुत्र अभिषेक और गोलू तो पिता की मौत से टूट से गए हैं। उन्हें तो समझ में नहीं आ रहा था कि अब उनका पालक कौन होगा। बेटी रोशनी तो अपनी तकदीर को कोस रही थी। शादी के पहले ही उसके सिर से पिता का साया उठ गया। अब कैसे होगी रोशनी की शादी और कैसे चलेगा घर परिवार। यह सभी को गम सता रहा था। मृतक परिवार का इकलौता कमाऊ व्यक्ति था और उसी के कमाई से घर परिवार चल रहा था। मृतक के चाचा ने दर्ज कराई प्राथमिकी: मृतक सुधीर शर्मा के चाचा सुरेश शर्मा ने लिखित आवेदन देकर महुआ थाने में ट्रक चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराया है। उन्होंने पकड़े गए ट्रक चालक हाजीपुर थाने के सैदपुर रजौली निवासी मंतोष कुमार को नामजद किया है। पुलिस ने लोगों के द्वारा पकड़े गए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है इधर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया।