बहुत कम लोग ही ले रहे बूस्टर डोज महुआ। नवनीत कुमार महुआ में बूस्टर डोज लेने से लोग पीछे हट रहे हैं। यहां थानाध्यक्ष सहित मात्र 55 लोगों ने ही बूस्टर का डोज लिया। बूस्टर डोज के लिए विभिन्न कार्यालयों पर स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया गया था। अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार यहां जिस संख्या में बूस्टर डोज पड़नी चाहिए वह नहीं पड़ रहा है। अभी यह डोज स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को ही दिए जाने हैं। साथ ही 60 वर्ष से ऊपर वाले वैसे लोगों को यह डोज दिया जा रहा है जो जिनका दूसरा डोज लिए हुए 9 महीने हो गए हैं। यहां अनुमंडल कार्यालय, अनुमंडल अस्पताल और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय पर बूस्टर डोज लेने वालों की संख्या नगण्य होने के कारण अस्पताल प्रशासन द्वारा सिर्फ थाना और पीएचसी पर ही यह टीकाकरण कराया गया। उधर स्कूलों में 15 वर्ष से ऊपर के किशोर किशोरियों को भी टीके दिए गए। यहां 240 किशोर किशोरियों ने टीके लगवाए। जबकि 895 अन्य लोगों को यह टीका लगाया गया। टीकाकरण की सफलता को लेकर अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सजगता बरत रहा है।
महुआ में तीन पॉजिटिव महुआ। महुआ पीएचसी में एंटीजन जांच के दौरान तीन लोग पॉजिटिव पाए गए। पॉजिटिव पाए गए लोगों को होम आइसोलेशन में भेजा गया है। उन्हें इस अवस्था में प्रीकॉशन बरतने की सलाह दी गई है। उनका आरटीपीसीआर सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार यहां 560 लोगों की एंटीजन जांच की गई। जिसमें तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित पाए गए लोगों को होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा यहां 190 लोगों की आरटीपीसीआर और 90 लोगों की ट्रूनेट जांच के लिए सैंपल लिया गया है। तीसरे लहर को देखते हुए जांच का दायरा यहां बढ़ाया गया है। और अस्पताल में आने वाले सभी लोगों की जांच की जा रही है। अभी तक यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है।