पातेपुर से मोहम्मद एहतेशाम पप्पु की रिपोर्ट। पातेपुर थाना क्षेत्र के कस्तूरी सराय ग्रामीण बैंक से रुपये गमन मामले में फिर एक बार लोगो ने जमकर हंगामा किया। उक्त बैंक से बैंक के कैशियर तथा मैनेजर के मिलीभगत से बैंक के खाताधारकों के खाते से लगभग 10 करोड़ रुपये गमन का मामला सामने आ चुका है। जिसमे से मात्र डेढ़ सौ खाताधारकों को मात्र दो करोड़ रुपये बैंक द्वारा खाते में ट्रांसफर किया गया है।वही बाकी बचे खाताधारकों के खाते में पैसे ट्रांसफर नही होने से आक्रोशित लोगों ने बैंक परिसर में जमकर हंगामा किया। हंगामा की सूचना पर मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक लखेन्द्र कुमार रौशन उर्फ लखेन्द्र पासवान ने बैंक के वरीय अधिकारियों से बात करने के उपरांत आक्रोशित लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को पातेपुर थाना क्षेत्र के कस्तूरी सराय स्थित उत्तर बिहार ग्रामीण की शाखा से उपभोक्ताओं के खाते से गमन हुए राशि खाताधारकों के खाते में ट्रांसफर किये जाने में विलंब को लेकर सैंकड़ो की संख्या में खाताधारक बैंक परिसर पहुंच कर जमकर हंगामा किया। हंगामा होने की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक लखेन्द्र कुमार रौशन उर्फ लखेन्द्र पासवान ने बैंक के रीजनल मैनेजर से बात कर उसके द्वारा दिये गए आश्वासन के आधार पर आक्रोशित लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। विधायक द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद हंगामा कर रहे लोग वापस घर लौट गए। बताते चले कि उक्त बैंक से बीते अगस्त माह में बैंक के खाताधारकों के खाते से बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक हरीश कुमार तथा कैशियर राजेश कुमार की मिलीभगत से लगभग दस करोड़ रुपये की अवैध निकासी का मामला उस वक्त सामने आया था जब बैंक के खाताधारक अपना पासबूक अपडेट कराने के लिए बैंक पहुंचे थे।