पिकअप के धक्के से मासूम की मौत लोगों ने की सड़क जाम महुआ। नवनीत कुमार पिकअप के धक्के से एक मासूम की मौत हो गई। घटना सोमवार को महुआ हाजीपुर सड़क पर सदर थाना अंतर्गत सेंदुआरी पक्का इंडा के पास घटी। आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सड़क को जाम कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार सेंदुआरी पक्का इंडा निवासी रामविलास सिंह के पौत्र और दुखन सिंह का 5 वर्षीय पुत्र मुन्ना सड़क किनारे खेल रहा था। इसी बीच अनियंत्रित पिकअप ने उसे ठोकर मार दी। इस ठोकर में मासूम का निचला हिस्सा बुरी तरह कुचल गया। लोग उसे आनन-फानन में इलाज के लिए हाजीपुर ले गए। जहां मासूम की मौत हो गई। लोग शव को लेकर पुनः घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क को जाम कर दिया। लोगों का कहना है कि गाड़ियों की रफ्तार कम नहीं होती। अनियंत्रित वाहन से अक्सर घटनाएं होती है। मासूम बच्चा को अनियंत्रित पिकअप ने कुचल दिया। जिससे मौत हो गई। इधर सड़क जाम से दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी थी। लोग बड़े पदाधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे। आक्रोशित लोगों को देखकर पुलिस और कोई भी पदाधिकारी वहां नहीं पहुंच रहे थे।