माइक्रो कंटेन्मेंट जोन में शत प्रतिशत ट्रेसिंग होगी सुनिश्चित
माइक्रो कंटेन्मेंट जोन में शत प्रतिशत ट्रेसिंग होगी सुनिश्चित
– लक्ष्य के अनुरूप भी जांच के दिए गए आदेश
– आम जनों से एहतियात बरतने की अपील
मुजफ्फरपुर।3 अप्रैल
कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर जिलाधिकारी मुजफ्फरपुर प्रणव कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बढ़ते कोरोना संक्रमण के मद्देनजर दैनिक रूप से किए जा रहे कार्यों का सतत अनुश्रवण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि दिए गए लक्ष्य के अनुरूप कोविड जांच करना सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग का कार्य गंभीरता पूर्वक करना सुनिश्चित किया जाए।
संक्रमण की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं स-समय सुनिश्चित करने के निर्देश भी जिलाधिकारी के द्वारा दिए गए । उन्होंने कहा कि मुंबई से आने वाली ट्रेनों के यात्रियों की जांच की जाए। रेलवे स्टेशन ,बस पड़ाव पर जांच करना जारी रखें।
जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिया कि माइक्रो कंटेनमेंट जोन का प्रस्ताव अनिवार्य रूप से दोनों अनुमंडल अधिकारियों को देना सुनिश्चित किया जाए।
माइक्रो कंटेनमेंट जोन में शत प्रतिशत टेस्टिंग करना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि लोगों और आम अवाम के बीच व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके अतिरिक्त मास्क जांच अभियान भी समय-समय पर चले।
उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर लोग एतिहात बरतें। सामाजिक दूरी का पूर्ण पालन करें। मास्क का प्रयोग अवश्य करें।सैनिटाइजर का प्रयोग करें।
बैठक में उपचार केंद्र प्रबंधन कोषांग,संसाधन प्रबंधन कोषांग।एंबुलेंस एवं मोर्चरी वाहन कोषांग, कंटेनमेंट जोन प्रबंधन कोषांग तथा अन्य कोषांगों की भी समीक्षा की गई एवं आवश्यक निर्देश जिलाधिकारी के द्वारा दिए। बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ सुनील कुमार झा,अपर समाहर्ता राजस्व राजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा डॉ अजय कुमार, सिविल सर्जन अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी/ पश्चिमी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
