मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम का हुआ समापन
मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम का हुआ समापन

हाजीपुर/चौथी वाणी।मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत प्रखंड गोरौल में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज विधिवत समापन हो गया।गोरौल उच्च विद्यालय में संपन्न हुए प्रशिक्षण में प्रखंड के सभी स्तर के सरकारी विद्यालयों के शिक्षक/शिक्षिकाओं व शिक्षकेतर कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया था।पांच दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण में प्रशिक्षकों ने बड़ी बारीकी के साथ विद्यालय के बच्चों को आपदा से बचाव के गुर बताये।घर से विद्यालय और विद्यालय से घर तथा विद्यालय में रहते हुए आने वाली आपदा से बचाव को लेकर गंभीरतापूर्वक विचार-विमर्श किया गया और उससे निजात पाने के लिए बरते जाने वाले एहतियात पर भी प्रकाश डाले गए।प्रशिक्षकों ने भूकंप, बज्रपात, लू, बाढ, आग लगने की घटना, सर्पदंश, कुपोषण, निर्जलीकरण आदि जैसी आपदाओं से सुरक्षा हेतु विद्यालय स्तर पर एक प्रबंधन योजना बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि हमें अपने विद्यालय के बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर रहना चाहिए क्योकि बच्चे कल के भविष्य हैं।कल देश चलाने की जिम्मेदारी उनके कंधे आने वाली है।प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों में उमेश कुमार निराला, शशि कुमार सिंह, नरेंद्र प्रसाद सिंह, इन्द्रजीत कुमार,मनोज कुमार चौरसिया, हरिशंकर प्रसाद श्रीवास्तव शामिल हैं।
