नयागांव में घोड़ा लुटावन पुत्र पावन मेला आज
नयागांव में घोड़ा लुटावन पुत्र पावन मेला आज–
नयागांव (सारण)सोनपुर प्रखंड अंतर्गत नयागांव थाना क्षेत्र स्थित रसूलपुर गांव में हर साल चैत नवमी को लगने वाला घोड़ा लुटावन पुत्र पावन मेला आज रविवार को लग रहा है यह मेला पूर्वजों के जमाने से लगता आ रहा है जिसमे मल्लाहों(निषादों)के देवता बाबा अमरसिंह की पूजा मल्लाह वंशजों के द्वारा हर्षोल्लास के साथ किया जाता है।अमरसिंह बाबा का यह स्थान नयागांव रेलवे स्टेशन और छपरा पटना मुख्य मार्ग से दक्षिण करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर रसूलपुर गांव में गंगा नदी के पावन तट पर विराजमान है। इस मेले में दूरदराज के कई राज्यों से श्रद्धालु आते है इस मेले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि जो निःसंतान दम्पति या कोई श्रद्धालु सच्चे मन से पूजा अर्चना कर अमरसिंह स्थान पर चढाये गए मिट्टी के घोड़ा को लूट कर ले जाता है उसकी मनोकामना पूर्ण होती है पुत्र प्रप्ति एवं मनोकामना पूर्ण होने पर अगले साल मिट्टी का बना दो घोड़ा लाल कपड़ा में लपेटकर अमरसिंह बाबा को चढ़ाने की परंपरा है श्रद्धालुओं द्वारा हजारों की संख्या में मिट्टी का बना घोड़ा बाबा अमरसिंह को चढ़ाया जाता है तथा वही मिट्टी का घोड़ा पूजा समाप्ति के बाद पूजा समिति के लोगो द्वारा श्रद्धालु भक्तों के बीच लुटाया जाता है।इस मेले में दूर दराज से आये लोगों की काफी भीड़ लगती है भीड़ को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित करने के लिये स्थानीय प्रशासन की मदद ली जाती है।वहीं रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम बिदेसिया के नाच गाना का आयोजन भी इस बार किया जा रहा है जो वैश्विक महामारी कोरोना के कारण पिछले दो सालों से बंद था।
