April 17, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

नन्हें-मुन्ने पर कोरोना नहीं दिखा पाएगा असर, टीकाकरण की तैयारी शुरू

नन्हें-मुन्ने पर कोरोना नहीं दिखा पाएगा असर, टीकाकरण की तैयारी शुरू

– जिला स्वास्थ्य विभाग पांच से 12 साल तक के बच्चों को कोरोना टीका लगाने की तैयारी में जुटा

सीतामढ़ी,28 अप्रैल। कोरोना वायरस अब नन्हें-मुन्ने बच्चों पर भी अपना असर नहीं दिखा पाएगा। 12 से 18 वर्ष तक के बच्चों के वैक्सीनेशन के बाद अब स्वास्थ्य महकमा नन्हें बच्चों के वैक्सीनेशन की तैयारी में जुट गया है। कोविड से बचाव के लिए अब 5-12 वर्ष तक के बच्चों की वैक्सीनेशन प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। जिला स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर से जिले के पांच से 12 साल तक के बच्चों को कोरोना टीका लगाने की तैयारी में जुट गया है। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके झा ने बताया कि जिले में इस उम्र वर्ग के बच्चों की अनुमानित संख्या का आकलन कराया जा रहा है।

पांच से 12 वर्ष के बच्चों का माइक्रोप्लान तैयार करने का निर्देश-

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. एके झा ने कहा कि सभी पीएचसी को अपने प्रखंड व पंचायतों में बच्चों की संख्या और उसका मास्टर प्लान तैयार करने को कहा गया है। पीएचसी क्षेत्र के निजी एवं सरकारी प्राथमिक विद्यालय जिसमें पांच से 12 वर्ष के बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, उनका माइक्रोप्लान तैयार करने के लिए कहा गया है। माइक्रो प्लान व बच्चों की संख्या आने के बाद कितने केंद्र कहां होंगे यह तय होगा। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, पांच से 11 वर्ष के बच्चों को भी कोर्बेवैक्स टीका ही लगाया जाएगा। अभी यह टीका 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों को लगाया जा रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. झा ने बताया कि सरकार से आदेश आने के बाद बच्चों को टीका देना शुरू कर दिया जाएगा।

संभावित चौथी लहर से सतर्कता जरूरी-
डॉ. झा ने लोगों से अपील की है कि कोरोना टीकाकरण अभियान चल रहा है। इसलिए जिन्होंने टीका नहीं लिया है वे टीका अवश्य ले लें। इसके साथ उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण थमा है, मगर खतरा अब भी टला नहीं है। क्योंकि बाहरी राज्यों में कोरोना के केस मिलने के कारण अब संभावित चौथी लहर के मद्देनजर तैयारी शुरू हो गई है। सतर्कता जरूरी है। कोरोना गाइडलाइन का पालन जरूरी है। टीकाकरण कराए हुए लोग भी प्रोटोकाल का पालन अवश्य करें। स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी कर रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.