मृतक मासूम के परिजनों से मिलने पहुंचे विधायक
मृतक मासूम के परिजनों से मिलने पहुंचे विधायक
महुआ के भदवास पंचायत अंतर्गत अलीपुर मुकुंद पहुंचे विधायक डॉ मुकेश रौशन, दूल्हा दुल्हन की कार की ठोकर से हुई थी एक परिवार के दो मासूम की मौत
महुआ, नवनीत कुमार
महुआ के भदवास पंचायत अंतर्गत अलीपुर मुकुंद में शुक्रवार को स्थानीय विधायक डॉ मुकेश रोशन पहुंचे। उन्होंने यहां गांव के एक ही परिवार से दो मासूम की हुई सड़क दुर्घटना में मौत पर शोक जताया। यहां पीड़ित परिजनों से मिलकर इस विपदा की घड़ी में धैर्य व साहस रखने को कहा।
विधायक डॉ मुकेश रौशन को गांव में पीड़ित परिवार के पास पहुंचते ही लोगों की भीड़ जुट गई। इस बीच यहां लोगों ने उन्हें मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। विधायक डॉ रौशन ने मौके पर ही विभिन्न पदाधिकारियों से बात की। उन्होंने सीओ से मोबाइल पर बात कर मृतक के परिजनों को मिलने वाले मुआवजा के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने उन्हें मुआवजा दिलाने की दिशा में अभिलंब कार्रवाई करने को कहा। यहां पीड़ित परिजन से मिलकर विधायक तब भावुक हो गए जब घर की महिलाएं उन्हें पकड़ कर विलाप करने लगी। मालूम हो कि यहां बीते शुक्रवार की सुबह दूल्हा दुल्हन की कार की ठोकर से दो मासूम की दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतक 06 वर्षीय आशीष संतोष राय का पुत्र था तो 05 वर्षीय आदित्य मनोज राय उर्फ दुखन राय का एकलौता संतान। विधायक के पहुंचते ही मृतक आशीष की मां रेखा देवी और आदित्य की मां तेतरी देवी चित्कार करने लगी। दोनों के बिलाप से पूरा माहौल गमगीन हो गया। हर आदमी के आंख से आंसू भर आए। इस घटना में कार पर सवार नवविवाहित दूल्हा दुल्हन भी घायल हुए थे। शादी के बाद विदाई से वे दोनों घर लौट रहे थे। इस बीच या दर्दनाक हादसा महुआ देसरी सड़क पर महुआ थाना अंतर्गत भदवास पंचायत के अलीपुर मुकुंद स्थित आंगनवाडी के पास हुई थी। दोनों मासूम आंगनवाड़ी केंद्र पर पढ़ने के लिए जा रहे थे। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल दूल्हा-दुल्हन को दिनभर बंधक बनाए रखा था। मुखिया सविता देवी ने भी घटना पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
