देवशयनी एकादशी और बकरीद को लेकर दोनों समुदाय ने एक दूसरे को दी मुबारकबाद
देवशयनी एकादशी और बकरीद को लेकर दोनों समुदाय ने एक दूसरे को दी मुबारकबाद
सुबह में नमाज अदा के बाद चला मुबारकबाद का दौर
महुआ, नवनीत कुमार
देवशयनी एकादशी और बकरीद को लेकर रविवार को यहां दोनों समुदायों में आपसी समरसता का नजारा दिखा। देवशयनी एकादशी पर एक ओर जहां मठ मंदिरों में पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। वहीं दूसरी ओर बकरीद को लेकर मस्जिद, मदरसों, ईदगाहों पर नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों की भीड़ रही।
महुआ के शाही मस्जिद पर सुबह 7:30 बजे बकरीद की नमाज अदा की गई। इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मुल्क की सलामती और आवाम की सुरक्षा को लेकर अपने अल्लाहताला से दुआ मांगी। पर्व को लेकर मुस्लिम बस्तियों में हादसा उत्साह रहा। यहा हाफिज तौकीर सैफी, मो इम्तियाज, मो सलाम, महमूद, मो आलम, शब्बीर आदि ने बताया कि विभिन्न मस्जिदों, मदरसों, ईदगाहों पर अलग-अलग समय में बकरीद की नमाज अदा की गई। इस मौके पर हिंदू समुदाय के लोग पहुंचकर बकरीद की मुबारकबाद दी और समरसता के बीच गले लगे। उधर मदनी मस्जिद, शेरपुर छतवारा, अबाबाकरपुर, चकमजाहिद, लक्ष्मीपुर, हकीमपुर, माधौल, प्रेमराज, ओस्ती, डोगरा आदि स्थानों पर भी बकरीद की नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदो की भीड़ उमड़ी। इधर बकरीद को लेकर सेवइयों की खूब बिक्री हुई। बकरीद को लेकर प्रशासन की भी चहल कदमी रही। विभिन्न जगह पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

बकरीदी मेला में खूब बिके चाऊमीन और ढोसे
महुआ, एक संवाददाता। बकरीदी मेला में रविवार को खाने के सामानों की खूब बिक्री हुई। यहां शाही मस्जिद परिसर स्थित मदरसा पर बकरीदी मेला लगा। जहां बच्चों की भीड़ उमड़ी। इस मेले में चौमिन और ढोसे की खूब बिक्री हुई।
बकरीद को लेकर यहां नमाज अदा करने के लिए काफी संख्या में लोग जुटे थे। इस बीच यहां मेला लगा। मेले में चाट, समोसे, ढोसा, चाऊमीन, आइसक्रीम आदि की जमकर बिक्री हुई। बच्चों ने तो चाऊमीन और ढोसा का जमकर आनंद लिया। सुबह से ही मेला शुरू हो गया जो दोपहर तक रहा। हालांकि दोपहर के बाद मेला से भीड़ छठ गई। मेले में आए दुकानदारों ने बताया कि जितनी उम्मीद थी उतनी बिक्री हुई है। कोरोना के कारण दो वर्षों बाद मेला लगा है और सामानों की बिक्री हुई है। मेला को लेकर बच्चों में तो खासा उत्साह देखा गया। उधर चकमजाहिद, लक्ष्मीपुर, डोगरा, हरपुर, हकीमपुर, मधौल सहित विभिन्न जगहों पर भी बकरीदी मेला लगा और खरीदारों की भीड़ उमड़ी।
