*बैंक को लूटने की कोशिश हुई नाकाम, सिक्योरिटी गार्ड और कर्मचारियों के विरोध होने पर भागे अपराधी*
समस्तीपुर(जकी अहमद)
समस्तीपुर में आईडीबीआई बैंक को लूटने की मकसद से आये आधा दर्जन अपराधियों को इसमें सफलता नहीं मिली। बैंक को लूटने की कोशिश नाकाम साबित हुई। बैंक के सिक्योरिटी गार्ड और कर्मचारियों के विरोध के आगे लूटेरों को उल्टे पांव मौके से भागना पड़ा। शहर के बीचों – बीच स्थित मोहनपुर आईडीबीआई बैंक की शाखा में सोमवार को करीब डेढ़ बजे छह की संख्या में अपराधी पहुंचे और कैश काउंटर में घुसने लगे लेकिन बैंक में मौजूद सुरक्षा गार्ड और बैंक कर्मियों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। जिसके बाद लूट में असफल अपराधियों को मौके से भागना पड़ गया। इस दौरान अपराधियों के साथ हुई मारपीट में बैंक का गार्ड घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक बैंक की शाखा में 6 की संख्या में अपराधी घुस गये औऱ बैंक कर्मियों को गन पॉइंट पर लेकर कैश लूटने की कोशिश करने लगा तभी बैंक का गार्ड बदमाशों से उलझ गया और अपनी बंदूक से गोली चलाने की कोशिश करने लगा तभी बैंक के बाहर खड़े अपराधी अंदर घुसे औऱ गार्ड पर पीछे से हमला कर दिया। इस दौरान अपराधियों ने बैंक में मौजूद ग्राहकों को भी कब्जे में ले लिया। जब इसका विरोध बैंक कर्मियों ने करना शुरू किया तब पकड़े जाने के खतरे को भांपते हुए सभी अपराधी बिना कैश लूटे ही मौके से फरार हो गये। अपराधियों की करतूत सीसीटीवी में भी कैद हो गयी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कप्तान हृदयकान्त के साथ पुलिस टीम बैंक में पहुंचे और सीसीटीवी के आधार पर मामले की छानबीन शुरू की। एसपी ने बताया कि अपराधी जिस दिशा में भागे है उस इलाके के सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने उक्त बैंक के गार्ड एवं कर्मियों को शाबाशी दी।