आरआर मेमोरियल स्कूल पर शिक्षिकाओं और छात्राओं ने मेहंदी लगाकर सावन सुहावन का दिया पैगाम महुआ,सावन का महीना तो क्यों ना दिल खिले। हरे हरे कपड़ों पर मेहंदी के रंग जब इस महीने में चढ़ती है तो सुंदरता देखते ही बनती है। यहां गौसपुर चकमजाहिद के परई स्थित आरआर मेमोरियल स्कूल पर सावन महोत्सव पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें एक से बढ़कर एक आकर्षक मेहंदी लगाकर शिक्षिकाओं और छात्राओं ने लोगों को दिल जीत लिया। प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल की प्राचार्या सह गौसपुर चकमजाहिद पंचायत की मुखिया कुमारी स्मिता के नेतृत्व में आयोजित की गई थी। इस मौके पर स्कूल की शिक्षिकाओं और छात्राओं ने अपने हथेली से लेकर संपूर्ण हाथ पर मेहंदी को आकर्षक तरीके से लगाया। यहां महोत्सव पर आकर्षक मेहंदी लगाने के लिए शिक्षिकाओं और छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। मौके पर उपस्थित स्कूल के सचिव सह पूर्व मुखिया अजय भूषण दिवाकर ने बताया कि सावन महोत्सव पर शिक्षकों और छात्रों के बीच मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर श्रावण गीतों से स्कूल परिसर गूंज उठा। छात्राओं ने भी इस महोत्सव में जमकर आनंद उठाएं। कार्यक्रम के मौके पर महोत्सव में भाग लेने वाले शिक्षिकाएं व छात्राएं हरे हरे परिधान में थी। बताया गया कि सावन हरियाली का प्रतीक है। सावन की बारिश धरती पर हरियाली लेकर नहीं आती बल्कि एक नया उमंग भी भरती है। महुआ से नवनीत कुमार की रिपोर्ट