नीलगायों से मुक्ति के लिए एसयूसीआई का धरना
नीलगायों से मुक्ति के लिए एसयूसीआई का धरना
धरना के माध्यम से नीलगायों से मुक्ति सहित विभिन्न मांगों का पदाधिकारियों को सौंपा ज्ञापन, गांधी स्मारक पर धरना सभा के कारण अस्त-व्यस्त रहा महुआ बाजार
महुआ, नवनीत कुमार
किसानों को नीलगायों और जंगली पशुओं से मुक्ति सहित सात सूत्री मांगों के समर्थन में एसयूसीआई द्वारा शुक्रवार को महुआ गांधी स्मारक पर धरना दिया गया। धरना सभा के माध्यम से उन्होंने अपनी मांगों का ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा। उनके धरना के कारण महुआ बाजार अस्त-व्यस्त बना रहा।
धरना सभा का नेतृत्व करते हुए पार्टी के ललित कुमार घोष ने कहा कि किसान नीलगायों और आवारा पशुओं से परेशान है। वह इसके कारण खेती नहीं कर पाते हैं। जो किसान पूंजी लगाकर खेती करते भी हैं। उन्हें नीलगायों और आवारा पशुओं का आतंक झेलना पड़ता है। उन्होंने नील गायों और आवारा पशुओं के आतंक से किसानों को मुक्ति दिलाने की मांग की। इसके साथ ही 7 सूत्री मांगों में रसोई गैस तथा डीजल पेट्रोल की कीमत में बेतहाशा वृद्धि पर रोक लगाने, आसमान छूती महंगाई पर अंकुश लगाने, शैक्षणिक संस्थान सहित सभी सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी व भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, मनमाना बस भाड़ा वसूली के साथ बाजार में अवैध स्टैंड पर रोक लगाने, महुआ नगर परिषद स्थित विस्कुरबा टोला के चौराहे से पश्चिम की ओर पातेपुर रोड होकर मुजफ्फरपुर रोड में मिलने वाली खंडहरनूमा सड़क का निर्माण करने आदि की मांग रखी। धरना सभा में कार्यकर्ताओं द्वारा बीच-बीच में नारेबाजी भी की जाती रही। इस मौके पर धरना सभा में वीर बहादुर सिंह, रामपुकार राय, विश्वनाथ साहू, रामनाथ राय, शोभित शर्मा, राजदा खातून, शशि भूषण कुमार आदि उपस्थित थे।
