उम्मीदवारों के समर्थकों की भीड़ से अस्तव्यस्त हो गया महुआ का अनुमंडल द्वार
उम्मीदवारों के समर्थकों की भीड़ से अस्तव्यस्त हो गया महुआ का अनुमंडल द्वार
आज से नामांकन रफ्तार में तेजी आने की उम्मीद
महुआ, नवनीत कुमार
महुआ में नगर परिषद चुनाव को लेकर चल रहे नामांकन के चौथे दिन बुधवार को विभिन्न वार्ड के लिए दो महिला सहित 5 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। उम्मीदवारों के समर्थकों की भीड़ से अनुमंडल कार्यालय द्वार अस्त-व्यस्त बना रहा।
अनुमंडल कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार यहां सिर्फ 5 वार्डों के लिए ही नामांकन पत्र दाखिल किए गए। जबकि सभापति और उपसभापति पद के लिए कोई नामांकन नहीं आया। यहां वार्ड संख्या 18 अनारक्षित महिला सीट से राजद नेता बड़ेलाल यादव की भावज बुद्धि कुमारी ने तामझाम के बीच अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर पर्चे दाखिल किए। वही वार्ड संख्या 4, 5, 9 और 22 से एक एक उम्मीदवार यहां निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष पर्चे दाखिल किए। सभापति और उपसभापति के लिए कोई नामांकन नहीं आया। यहां अभी तक सभापति के लिए दो और वार्ड पार्षद के लिए 06 नामांकन हुए हैं उपसभापति के लिए एक भी नामांकन नहीं हो पाया है। गुरुवार से नामांकन की रफ्तार तेज पकड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है। संभावित उम्मीदवार पंडितों और आचार्यों से शुभ दिन दिखवा कर नामांकन करने की तैयारी में है। मालूम हो कि यहां नगर परिषद चुनाव को लेकर सभापति व उपसभापति के साथ 25 वार्डों के लिए नामांकन पत्र लिए जा रहे हैं।
