मवेशी बांधने को लेकर हुए दो पक्षो के बीच जमकर मारपीट
पातेपुर थाना क्षेत्र के विशनपुर कोआहि गांव में सड़क पर मवेशी बांधने को लेकर हुए दो पक्षो के बीच जमकर मारपीट मामले में दोनो पक्षो की ओर से थाने में आवेदन दिए जाने के बाद पुलिस इस मामले में परस्पर प्राथिमिकी दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। मारपीट मामले में दोनो पक्षों की ओर से आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए थे।
इस मामले में एक पक्ष के विशनपुर कोआहि गांव निवासी शंकर राय के पुत्र राहुल कुमार ने थाने मे आवेदन देकर बताया कि शाम में उसका चचेरा भाई विकाश कुमार एवं लखी कुमार कृषि कार्य कर घर लौट रहा था। इसी दौरान उसके घर के पास ही जगदीश राय एवं मनीष कुमार का सड़क के किनारे मवेशी बंधा हुआ था। अंधेरा होने के कारण लखी कुमार मवेशी से टकराकर गिर गया। जिसपर विकाश कुमार ने सिर्फ इतना कहा कि लोग सड़क पर मवेशी बांध देते है जिससे लोगो को आने जाने में परेशानी होती है। इसी बात को लेकर जगदीश राय, मनीष कुमार, मुकेश कुमार, चंद्रदीप राय, रामचंद्र राय, संतोष कुमार एवं कुछ अज्ञात व्यक्ति द्वारा विकाश कुमार को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। राहुल कुमार ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से विकाश कुमार पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। जिससे विकाश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हल्ला हंगामा सुनकर विकाश को बचाने आये उसके दादा लखन राय के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर जख्मी कर दिया। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगो ने दोनो घायलों को पीएचसी पहुंचाया जहां दोनो का इलाज चल रहा है। वही इस मामले में दूसरे पक्ष के मुकेश राय ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि उसके गांव के ही विकाश कुमार, लखी कुमार, राहुल राय एवं नीतीश राय द्वारा घर मे घुसकर मारपीट कर घर मे लूट पाट किया गया। मुकेश राय ने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा मारपीट कर चार लोगों को जख्मी कर घर से 50 हजार रुपये एवं आभुषण लूट लिया । इस मामले में पुलिस ने दोनो पक्षो की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर परस्पर प्राथिमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
