जयंती पर याद आए पूर्व राष्ट्रपति कलाम
जयंती पर याद आए पूर्व राष्ट्रपति कलाम
महुआ। नवनीत कुमार
मिसाइल मैन के नाम से प्रसिद्ध और पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती शनिवार को यहां मंगरू चौक के पास एक होटल सभागार में मनाई गई। यहां लोगों ने उनके तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें देश का महान सपूत बताया। इस मौके पर जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सलीम परवेज भी पहुंचे।
मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ने एपीजे अब्दुल कलाम को व्यक्ति नहीं महान व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र के लिए बहुत कुछ किया। उनकी जीवनी से सभी को सीख लेने की जरूरत है। यहां पर राजद नेता रामाशंकर यादव उर्फ रामा यादव के नेतृत्व में पूर्व राष्ट्रपति की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। श्री यादव ने कहा कि कलाम साहब की राष्ट्रभक्ति को कभी भुलाया नहीं जा सकता। मौके पर उपस्थित डॉ उदय शंकर कुमार, प्रेम कुमार, गोपाल साह आदि ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में राजद के प्रखंड अध्यक्ष नसीम रब्बानी श्रीकांत यादव, जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता उपस्थित थे। वहीं अन्य जगहों पर भी पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
