लोगों की हो रही भीड़ से अस्त-व्यस्त हो जा रहा महुआ नगर परिषद बाजार
गांधी स्मारक और थाना चौक बन रहा जाम का केंद्र स्थल महुआ, नवनीत कुमार
कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के पूर्व ही महुआ नगर परिषद बाजार में जाम गहराने लगी है। यहां छठ पर्व के साथ शुरू हुई जाम का नजारा खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भी बाजार भीड़ से अस्त व्यस्त हो गया।
मालूम हो कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए महुआ इलाके से सबसे अधिक श्रद्धालु जाते हैं। यहां बाजार से होकर पातेपुर, मुजफ्फरपुर, गोरौल, चेहराकला, ताजपुर सहित विभिन्न इलाकों से हजारों लोग निकलते हैं और महुआ बाजार होकर पूर्णिमा स्नान को जाते हैं। लोगों को ढोने के लिए दूसरे सड़क की गाड़ियां भी आती है। भीड़ अधिक होने से यह जाम पर काबू पाना काफी मुश्किल होता है। जबकि कार्तिक पूर्णिमा के पूर्व ही यहां जाम भीषण रूप लेने लगी है।
यहां जाम का केंद्र स्थल गांधी स्मारक और थाना चौक बन रहा है। गांधी स्मारक के पास जाम इस कदर गहराता है कि गाड़ियां ही नहीं बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी निकलना मुश्किल हो जाता है। इसी तरह थाना चौक के पास भी जाम भीषण रूप लेता है। यहां जाम पर काबू पाना मुश्किल बन जाता है। हालांकि गांधी चौक पर दो ट्रैफिक के जवानों को लगाया गया है और थाना चौक के पास दो चौकीदार को भी जाम लगने पर लगा दिया जाता है। फिर भी यहां जाम महुआ के लिए पर्याय बन कर रह गया है। लोगों का कहना है कि जब गंगा स्नान के पूर्व बाजार की यह हाल है तो आगे क्या होगा। यहा जाम जब भीषण रूप ले लेती है तो ट्रैफिक के जवान भी थक हार कर कहीं बैठ जाते हैं। जाम में जब स्कूली गाड़ियां फंसती है तो उसने बैठे छोटे-छोटे बच्चे खाना पानी के लिए कराह उठते हैं। बताया गया कि छठ पर आए परदेसी का लौटना जारी है। वहीं सोनपुर मेला में दुकान लगाने वालों दुकानदारों का भी जाने के कारण भीड़ हो रही है।