निर्धारित समय से पहले ही करा लिए गए महुआ में तरंग प्रतियोगिता
निर्धारित समय से पहले ही करा लिए गए महुआ में तरंग प्रतियोगिता
छात्र-छात्राएं ही नहीं बल्कि शिक्षक भी हैं हैरान, जिला मुख्यालय द्वारा महुआ में 5 दिसंबर को तरंग प्रतियोगिता कराने की जारी की गई थी सूचना
सही सूचना नहीं दिए जाने के कारण प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सके अधिकतर स्कूल के बच्चे

महुआ, नवनीत कुमार
बच्चों में खेल के प्रति छिपी प्रतिभा को निखारने के लिए निर्धारित समय से पहले बीते शुक्रवार को महुआ के सिंघाड़ा हाईस्कूल मैदान में प्रखंड स्तरीय तरंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुछ ही गिने-चुने स्कूलों के बच्चे भाग लिए। प्रखंड शिक्षा कार्यालय द्वारा सही सूचना नहीं दिए जाने के कारण अधिकतर स्कूलों के बच्चे इस प्रतियोगिता में नहीं पहुंच पाए।
प्रतियोगिता के तहत छात्र-छात्राओं में विभिन्न दौड़, कूद और अन्य खेलों का आयोजन किया। इस तरंग प्रतियोगिता में आए स्कूलों के बच्चे ने अपनी दमखम को दिखाया। यहा प्रचार प्रसार नहीं होने और गलत सूचना के कारण छात्र-छात्राओं के खेल देखने के लिए लोगों की बहुत कम भीड़ जुटी थी। कुछ ही विद्यालय के बच्चों के बीच दौड़ के साथ ऊंची कूद भी बच्चों के बीच कराया गया।
5 दिसंबर को प्रतियोगिता कराने की दी थी सूचना:
इधर शिक्षकों का कहना है कि बीआरसी से 5 दिसंबर को प्रखंड स्तरीय तरंग प्रतियोगिता कराने को कहा गया था। जिसके लिए वे लोग तैयारी कर रहे थे। जबकि शुक्रवार को एकाएक 10 बजे के बाद तरंग प्रतियोगिता आयोजन मे शामिल होने के लिए सूचना व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से दी गई। तैयारी नहीं होने के कारण वे लोग प्रतियोगिता में नहीं पहुंच पाए। प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला सचिव पंकज कुशवाहा ने बताया कि 5 दिसंबर को तरंग प्रतियोगिता कराने की सूचना दी गई थी। इस तिथि पर अपनी जलवा दिखाने के लिए बच्चे तैयारी कर रहे थे। जबकि एकाएक शुक्रवार को 10 बजे बाद प्रतियोगिता में शामिल होने की सूचना दी गई। जिस कारण अधिकतर विद्यालय इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। शिक्षक शिक्षिकाओं और तरंग प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं का कहना है कि यह उनकी प्रतिभा के साथ खिलवाड़ किया गया है। वे लोग 5 दिसंबर को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए तैयारी में थे। जबकि प्रखंड शिक्षा कार्यालय द्वारा समय से पहले किस आधार पर कार्यक्रम करा लिया गया।
