ईट लदे ट्रैक्टर से कुचलकर मासूम की मौत से मचा कोहराम
ईट लदे ट्रैक्टर से कुचलकर मासूम की मौत से मचा कोहराम
महुआ चकसिकंदर सड़क पर बरियारपुर गांव के पास हुई घटना, घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, पहुंची पुलिस से भी हुई धक्का-मुक्की
महुआ, नवनीत कुमार
ईंट लदे ट्रैक्टर से कुचलकर एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना रविवार की शाम महुआ चकसिकंदर सड़क पर बरियारपुर के पास हुई। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम किया। वहीं पहुंची पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की।
मृतक 5 वर्षीय लक्ष्य कुमार राजापाकर थाना के बरियारपुर निवासी धीरज कुमार सिंह का इकलौता पुत्र था। लक्ष्य अपने दोस्त के साथ सड़क किनारे खेल रहा था। इसी बीच चकसिकंदर की ओर से महुआ की ओर आ रहे ईट लदे ट्रैक्टर के चालक ने संतुलन खो दिया और विपरीत दिशा में जाकर मासूम को ठोकर मार दी। हालांकि घटना के बाद लोग मासूम को आनन-फानन में उठाकर इलाज के लिए हाजीपुर ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर मासूम का शव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया और लोग आक्रोशित हो उठे। बताया जा रहा है कि घटना के बाद लोगों ने ट्रैक्टर और चालक को कब्जे में ले लिया था। मासूम की शव आने के बाद हर लोग आक्रोशित हो उठे। इस बीच भीड़ से समय पाकर चालक निकल गया। जिस पर लोग और आक्रोशित हो गए। उनका कहना था कि पुलिस के रहते हुए घटना करने वाला चालक आखिर कैसे निकल गया। इस पर वे लोग पुलिस से धक्का-मुक्की करने लगे। बताया जाता है कि बच्चा अपने घर के चारदीवारी से बाहर नहीं निकलता था। वह सड़क किनारे खेल रहा था। इस बीच अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। इस घटना से गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। बच्चा घरवाले से लेकर बस्ती के हर लोगों का दुलारा था। इस दर्दनाक हादसा को लेकर गांव में लोगों ने शाम का चूल्हा नहीं जलाया। बताया जा रहा है कि सड़क बनने के बाद घटनाएं बढ़ गई है। इधर देर शाम काफी समझाने बुझाने के बाद लोग मासूम का शव लेकर दफनाने के लिए चले गए।
