बीडीसी की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा/रिपोर्ट नवनीत कुमार
बीडीसी की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
बैठक में आपूर्ति, कृषि, पीएचइडी, शिक्षा, बाल विकास, सात निश्चय, बिजली, मनरेगा आदि के छाए रहे मुद्दे, विभिन्न कार्य योजना में लापरवाही को लेकर सदस्यों ने सवालों का किया बौछार
महुआ, नवनीत कुमार
महुआ में सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कार्य योजना में लापरवाही को लेकर सदस्यों का जोरदार हंगामा हुआ। यहां सदस्यों ने आपूर्ति, कृषि, पीएचईडी, शिक्षा, बाल विकास परियोजना, बिजली सहित विभिन्न विभागों पर सवाल खड़े किए। सबसे ज्यादा यूरिया की किल्लत पर सदन में सदस्यों द्वारा कृषि विभाग के पदाधिकारियों को कटघरे में खड़ा किया गया।
बैठक जैसे ही शुरू हुई थी सदस्यों ने आपूर्ति विभाग पर जमकर सवाल दागे। बताया गया कि आपूर्ति विभाग की अकर्मण्यता से उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। उपभोक्ता ठगी के शिकार हो रहे हैं। उन्हें राशन लेने पर ना तो सही तौल की जाती है और ना ही उचित मूल्य ले जाते हैं। एसएफसी गोदाम से लेकर डीलर तक बिचौलियों का हावी होने पर उनका हंगामा हुआ। नल जल में व्यापक गड़बड़ी को लेकर सदस्यों ने विभिन्न सवाल किए। उन्होंने बताया कि नल जल योजना विभिन्न समस्याओं के मकड़जाल में है। कहीं बिजली समस्या है तो कहीं पाइप फटकर पानी निकल जा रहे हैं तो कहीं नल में टोटी नहीं लगी। सरकार की यह समावेशी योजना अधिकतर लोगों तक नहीं पहुंच पा रही हैं। कृषि, शिक्षा पर तो उन्होंने सवालों की बौछार की। इस समय किसानों को यूरिया की समस्या को लेकर सदस्यों ने सदन में मेज थपथपाई। कहा कि यूरिया की किल्लत से किसानों को खेती करना सबसे बड़ी समस्या बन गई है। सदस्यों ने कहा कि बाजार में यूरिया की कालाबाजारी हो रही है। 265 रुपए बोरी वाली यूरिया 450 से 500 में किसानों को खरीदना मजबूरी हो रहा है। किसान यूरिया के लिए मारे फिर रहे हैं। प्रखंड के सरकारी दुकानों में किसानों को यूरिया की किल्लत बताई जाती है। वही बाल विकास, शिक्षा, बिजली, मनरेगा, स्वास्थ्य आदि विभाग पर सदस्यों ने विभिन्न सवाल किए। यहां कई विभाग के पदाधिकारी या उनके प्रतिनिधि को नहीं उपस्थित होने पर सदस्यों ने निंदा प्रस्ताव पारित किया। बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित बीडियो शिवांगी कुमारी ने सदस्यों के समक्ष अपनी बातों को रखा। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि कार्य योजनाएं यहां से ली जाती है पर ऊपर से पारित होने में विलंब होती है। उन्होंने सदस्यों को अपने अपने क्षेत्र में जनहित को देखते हुए कार्य करने की नसीहत दी। इस बैठक में थानाध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना, सीओ अमर सिन्हा, बीईओ अर्चना कुमारी, कृषि कार्यालय के प्रतिनिधि के अलावा मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष जवाहर राय, स्मिता कुमारी, सुकेश्वर दास, अमोद कुमार, मुन्नी कुमारी, गुंजा कुमारी, रेखा चंद्रवंशी, शंभू रजक, गांधी, शांति देवी आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सरस्वती देवी ने की।
