स्कूल पर अतिक्रमण जमाया
स्कूल पर अतिक्रमण जमाया
वाक्या उत्क्रमित मध्य विद्यालय महुआ मुरादपुर का, उच्च न्यायालय के आदेश पर अंचल कार्यालय ने पटाया था अतिक्रमण
महुआ। रेणु सिंह
उच्च न्यायालय के आदेश पर महुआ अंचल कार्यालय द्वारा उत्क्रमित मध्य विद्यालय महुआ मुरादपुर को अतिक्रमण मुक्त तो कर दिया। जबकि दबंगों ने उस पर फिर कब्जा जमा लिया है। जिससे स्थिति जस की तस हो गई है। यहां दबंगों द्वारा अंचल कार्यालय द्वारा हटाए गए अतिक्रमण को ताक पर रखकर उच्च न्यायालय के आदेश को भी ठेंगा दिखाया जा रहा है।
महुआ अंचल अंतर्गत गौसपुर चकजाहिद पंचायत के मुरादपुर निवासी योगेन्द्र राय ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर स्कूल के वस्तु स्थिति से अवगत कराया है। योगेंद्र राय द्वारा उच्च न्यायालय में दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने मुरादपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के अहाते में लगे अतिक्रमण को हटाने का आदेश जारी किया था। इधर कोर्ट के आदेश पर अंचलाधिकारी ने पुलिस बल के साथ उक्त विद्यालय के अहाते में गाड़े गए झोपड़िया, भुसौल, नाद, खुटा आदि को जेसीबी से हटाया गया था। अंचल द्वारा अतिक्रमण को हटा दी जाने के बाद स्कूल परिसर खाली हो गई थी लेकिन कुछ दबंगों ने उसी रात पुनः झोपड़ियां, बखारी आदि को यथावत कर दी। इससे वहां के लोगों में आक्रोश है। आवेदक ने अंचल प्रशासन से आदेश की अवहेलना करने वाले अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
