April 21, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

बिहार में दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों के साथ हो रहा अत्याचार – अनिल कुमार

बिहार में दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों के साथ हो रहा अत्याचार – अनिल कुमार

*बहुजन की बेटी बहन मायावती बनेंगी प्रधानमंत्री – अनिल कुमार*

*बहुजन समाज पार्टी का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न, मायावती को प्रधानमंत्री बनाने की उठी मांग*

जहानाबाद, 23 जुलाई : बहुजन समाज पार्टी जहानाबाद के तत्वाधान में स्वामी सहजानंद सरस्वती संग्रहालय, जहानाबाद में रविवार को जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बहुजन समाज पार्टी के बिहार प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार , केन्द्रीय प्रदेश प्रभारी लाल जी मेधानकर और केंद्रीय प्रदेश प्रभारी श्री सुरेश राव ने बाबा साहब भीम राव अम्बेडकर एवं कांशीराम के तैल्यचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुभाष कुमार और संचालन प्रदेश महासचिव व्यास मुनि दास जी ने किया। सम्मेलन में जहानाबाद जिला समेत प्रदेश से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता, नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि आज प्रदेश और देश में दलित, शोषित, वंचित पिछड़े, अल्पसंख्यक और महिला समाज के लोगों की हत्याएं, अत्याचार और बलात्कार की घटनाएं हर दिन हो रही है। जहानाबाद जिले में लालू यादव के राज में कितने नरसंहार हुए, कितने भाईयों की गर्दन काटी गई,कितने परिवार अनाथ हुए, कितनी बहनें विधवा हुई ये बात आपलोगो से छिपी नहीं है और यह बात भी आपसे नहीं छिपी है कि नीतिश कुमार की सरकार ने वैसे अपराधियों को जेल से बाहर करवाया जिसने बहुजनो पर अत्याचार किया। आखिर हम बहुजन किस पर विश्वास करे। अब ये चाचा और भतीजा मिलकर हमलोगो को बता रहें हैं कि हम आपके हितैषी हैं।यह कैसी विडंबना है कि हमारे ही वोट से सरकार बनती है और हमारे ऊपर ही अत्याचार होता है। हमे ही न्याय नहीं मिलता।

पिछले दो तीन सप्ताह की बात करें तो बिहार में मुजफ्फरपुर जिला के परसौनी दूबे ग्राम में दलित समाज के शिवनाथ राम जी की हत्या पानी पीने के कारण हो जाती हैं, बंधुआ मजदूर नहीं बनने के कारण सोनपुर के सैदपुर में पिछड़े समाज के भाई राजा पटेल जी की हत्या हो जाती है, मुजफ्फरपुर जिला के मोतीपुर थानांतर्गत रौशन कुमार ओर पवन कुमार की हत्या हो जाती है, और सरकार या प्रशासन की तरफ से अपराधियों को पकड़ने तक की कोशिश नहीं की गई। लेकिन हमारे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने आपको दलित और पिछड़े का हितैषी बतलाकर हम बहुजनों को बरगला रहे हैं। एक तरफ दलित और पिछड़े समाज के भाईयों की हत्याएं सामंतवादी कर रहे हैं और दूसरी तरफ मुख्य्मंत्री नए कानून बनाकर सामंतवादी आनंद मोहन को रिहा करती है,जिसने दलित जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या कर दी थी।

उन्होंने कहा की आज बिहार की सरकार हम बहुजनो के बच्चों की पढ़ाई के लिए छात्रवृति बंद कर दी है। उनके अधिकारों को छीन रही है, जो मौलिक अधिकार और आरक्षण बाबा साहब ने हमें दिया था, वह छीना जा रहा है। चुनाव में गरीबों को तीन डिसमिल जमीन देने का वादा करने वाली नीतीश कुमार की सरकार हम बहुजनों के झुग्गी झोपड़ियों को तोड़ रही है और बहुजनों के अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि आज की स्थिति को देखते हुए आने वाले लोकसभा चुनाव में बसपा कार्यकर्ता जहानाबाद के साथ साथ देश का इतिहास लिखने के लिए तैयार है और बहन सुश्री मायावती को दिल्ली की गद्दी पर आसीन करने के लिए तैयार है। सभी कार्यकर्ता यह शपथ ले चुके हैं। आज ऐसी स्थिति पूरे बिहार प्रदेश एवम देश में है और बहन मायावती को प्रधानमंत्री बनाने में बिहार की भूमिका अग्रणी रहेगी, ऐसा हमलोग किसी भी कीमत पर संघर्ष कर करेंगे।

केंद्रीय प्रभारी डा लाल जी मेधांकर ने कहा कि देश की भाजपा सरकार गरीबों, किसानों, मजदूरों, शोषितों, दलितों के साथ लगातार अन्याय कर रही है। आए दिन दलितों की हत्याएं हो रही है, गरीबों को सताया जा रहा है, बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही है लेकिन बिहार सरकार और केंद्र सरकार इसपर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती। इसलिए आप सभी को यह फ़ैसला लेना होगा कि बहन कुमारी मायावती को हमलोग किसी भी कीमत पर प्रधानमंत्री बनाए तभी बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर जी का संविधान बचेगा और हमारे समाज को न्याय।

केंद्रीय प्रदेश प्रभारी एडवोकेट सुरेश राव जी ने संबोधित करते हुए कहा कि पूरे देश के बहुजन समाज की नजर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती जी पर है। समय बहुत कम है कि सभी लोग अपने अपने जगह पर पूरी निष्ठा के साथ 2024 लोकसभा चुनाव के लिए लग जाए और इस बेपरवाह सरकार को उखाड़ फेंके। बसपा के हरएक समर्पित कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भरा हुआ है और सभी कर्तव्यनिष्ठ है, अतः यह निश्चित है कि आने वाले 2024 में बहन मायावती जी देश की बागडोर संभालेंगी और समाज के हरएक वर्ग को न्याय दिलाएगी।

सम्मेलन को बसपा बिहार उपाध्यक्ष सकलदेव दास, मुख्य सेक्टर प्रभारी ई सुनेष कुमार, प्रदेश महासचिव व्यास मुनि दास, दिलीप कुमार, जिला प्रभारी सत्येन्द्र राम, सुरेश राम, जिला उपाध्यक्ष हृदयनाथ चंद्रवंशी, बसपा नेता राजकमल पटेल, बी के दास के साथ कई गणमान्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.