20 घंटे बाद वाया नदी में डूबे किशोर का उपलाता शव बरामद
20 घंटे बाद वाया नदी में डूबे किशोर का उपलाता शव बरामद
शव निकालने के बाद लोगों ने कुछ देर के लिए किया सड़क जाम, नियत समय पर मुआवजा उपलब्ध करने के आश्वासन के बाद लोग सड़क से हटे
महुआ। रेणु सिंह
स्थानीय नगर परिषद वार्ड संख्या 12 स्थित वाया नदी में डूबे किशोर का शव 20 घंटे बाद गुरुवार को पूर्वाहन स्वयं उपलाता हुआ बरामद किया गया। इधर शव के साथ कुछ देर तक लोगों ने महुआ ताजपुर सड़क को सिंहराय पूर्वी के पास जाम कर दिया। प्रशासन द्वारा नियत समय पर मुआवजा उपलब्ध कराने के आश्वासन के बाद लोग सड़क से हटे। उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया।
मालूम हो कि महुआ नगर परिषद सिंहराय वार्ड संख्या 12 निवासी जितेंद्र दास के 14 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार अपने 5 छह साथियों के साथ बीते बुधवार को अपने ही वार्ड के एक निजी नर्सिंग होम के पास वाया नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया। उसकी शव की खोज के लिए स्थानीय गोताखोर लगातार प्रयासरत थे। रात को भी लाइट जलाकर शव की खोजबीन की गई लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चला। स्थानीय विधायक डॉ मुकेश रोशन ने जिलाधिकारी से एसडीआरएफ की टीम भेजना के लिए अनुरोध किया था। हालांकि एसडीआरएफ की टीम को आने के पहले ही किशोर का शव डूबे जगह पर ही उपलाता हुआ पाया गया। जिसे लोगों ने निकाल लिया। घटनास्थल पर लोगों की खचाखच भीड़ भरी रही।
शव के साथ लोगों ने किया सड़क जाम:
किशोर का शव वाया नदी से निकलते ही लोग उसे उठाकर ले गए और महुआ ताजपुर सड़क को सिंहराय पूर्वी में जाम कर दिया। हालांकि घटनास्थल पर नगर परिषद के सभापति नवीन चंद्र भारती, उपसभापति रोमी यादव, पूर्व पार्षद अरुण कुमार सिंह, समाजसेवी सत्येंद्र कुमार, चंदन कुमार आदि के साथ सीझ अमर सिंन्हा, थाना अध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना आदि भी पहुंचे भी पहुंचे। प्रशासन द्वारा मृतक के परिजन को नियत समय पर बगैर परेशानी के आपदा के तहत मुआवजा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया। इसके बाद लोग सड़क से हटे। इधर घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा था। मृतक की मां और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था। लोग उसे ढारस बधा रहे थे। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। घटना से मृतक के बस्ती में मातमी सन्नाटा छाया है। बस्ती के लोगों ने दो शाम चूल्हा नहीं जलाया।
