शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न करायी जायेगी कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान – जिलाधिकारी
शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न करायी जायेगी कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान – जिलाधिकारी
रिपोर्ट प्रभंजन कुमार
हाजीपुर, कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान को पूर्ण सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी यशपाल मीणा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रविरंजन कुमार के द्वारा वैशाली समाहरणालय सभागार में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के अवसर पर विधि-व्यवस्था को संधारित करने के लिए प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस बल के पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कहा गया कि कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान का शुभ मुहुर्त – दिनांक 26.11.2023 रविवार को अपराहन 03:55 बजे से प्रारम्भ होकर दिनांक 27.11.2023 दिन सोमवार को अपराहन 02:47 बजे तक रहेगा। उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान आस्था और श्रद्धा का पर्व है। इस पर्व के अवसर पर स्नान घाटों पर जाने वाले रास्ते एवं घाटों पर विशेष सतर्कता आवश्यक है। जिलाधिकारी के द्वारा सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि अपनी प्रतिनियुक्ति के स्थल पर सभी पदाधिकारी समय से उपस्थित होकर वहाँ की सभी व्यवस्थाओं को देख लेंगे। अगर व्यवस्था में कोई चीज छूट रहा है तो उसकी तत्काल सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को देते हुए वरीय पदाधिकारियों को भी सूचित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष का नं०-06224-260220 अपने पास जरूर रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी यातायात परिचालन के लिए बनायी गयी व्यवस्थाओं का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करायेंगे और अगर सड़कों पर भीड़ बढ़ रही हो तो इसकी सूचना जिला नियंणत्र कक्ष को शीघ्र उपलब्ध करायेगें। घाटों पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी सबसे पहले उस घाट का निरीक्षण कर लेंगें। घाटों पर पटाखा की बिन तथा पटाखाबाजी पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। उसे भी सुनिश्चित करायेंगे। घाटों पर पीए सिस्टम लगा हुआ है जिसके माध्यम से जरूरी सूचनायें लोगों को उपलब्ध कराते रहेंगे। जैसे गहरे पानी में नहीं जायें, बैरिकेडिंग के आगे पानी में नहीं जायें, एक जगह भीड न लगायें। उन्होंने कहा कि निजी नावों का परिचालन इस अवसर पर पुरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। इसपर भी ध्यान रखेंगें। घाटों पर केवल पंजीकृत नाव ही रहेगें।
इस अवसर पर कौनहारा घाट, सीढ़ी घाट और पुलघाट पर कंट्रोल रूम बनाया गया है तथा सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। इसके अतिरिक्त वाचटावर से भी निगरानी की जाएगी। हाजीपुर शहरी क्षेत्र में सभी जरूरी स्थानों को चिन्हित कर वहाँ ड्राप गेट बनाया जा रहा है जहाँ से वाहन आगे नहीं जायेगी। घाटों पर बैरीकेडिंग, प्रकाश, अस्थायी शौचालय, चेंजिंग रूम, झरना, वॉचटावर, गोताखोर, महाजाल एवं साईनेज लगाने की व्यवस्था की समीक्षा की गयी और निदेश दिया गया कि 24 नवम्बर की संध्या तक सभी व्यवस्था पूर्ण कराना सुनिश्चित करायी जाय।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात का सुचारू संचालन एवं भीड़ नियंत्रण तथा प्रबंधन बहुत महत्वपूर्ण है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल आस-पास भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि सभी जगह पीए सिस्टम का उपयोग सुनिश्चित किया जाय एवं लोगों को जरूरी सूचनाएँ लगातार प्रेषित किया जाय।
संयुक्त ब्रीफिंग में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ अपर समाहर्त्ता, उप विकास आयुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं डीसीएलआर हाजीपुर सहित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
