सड़क दुर्घटना में युवक की मौत पर परिजनों में कोहराम
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत पर परिजनों में कोहराम
ग्रामीणों ने चंदा कर मृतक का किया दाह संस्कार, महुआ के गौसपुर चकमजाहिद वार्ड संख्या 12 की घटना
महुआ। रेणु सिंह
सड़क दुर्घटना में मजदूर युवक की हुई मौत पर परिजनों में कोहराम मचा है। गुरुवार को शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी थी। ग़रीबी ऐसी की उसका दाह संस्कार ग्रामीणों के द्वारा चंदा से की गई। घटना बुधवार की देर शाम महुआ देसरी सड़क पर चकमजाहिद चौक पर हुई थी।
मृतक 20 वर्षीय विक्की कुमार गौसपुर चकमजाहिद (शंकरपुर) वार्ड संख्या 12 निवासी गनौर पासवान का पुत्र था। मृतक के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में लिखा है कि उनका पुत्र विक्की चचेरा भाई दसई पासवान के पुत्र किशन कुमार के साथ चकमजाहिद चौक पर दवा लाने के लिए गया था। सड़क पार करने के दौरान महुआ की ओर से देसरी की तरफ जा रही अज्ञात वाहन ने उसे विपरीत दिशा में आकर ठोकर मार दिया। जिसमें गंभीर रूप से घायल दोनों को अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। जहां विक्की को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि किशन कुमार को हाजीपुर रेफर किया गया है जहां इलाज चल रहा है। इस घटना में दो अन्य युवक मृतक के घर के ही विनोद पासवान के पुत्र विवेक कुमार तथा चकमाजाहिद चौक निवासी मो खुर्शीद भी घायल हुआ है। उक्त दोनों का इलाज महुआ अस्पताल में चल रहा है। मृतक विक्की दो भाइयों में बड़ा था और वह मजदूरी कर जीवन यापन करता था। छोटा भाई उदय कुमार भी मजदूरी करता है। वही बड़ी बहन रंगीला की शादी हो चुकी है। पिताजी कमजोर हैं और मजदूरी करते हैं। मां दो महीने पूर्व गुजर गई थी। मृतक की मां का दाह संस्कार भी लोगों ने चंदा से किया था। बताया गया कि मृतक के घर वालों को कोई सरकारी लाभ नहीं मिली। उसे ना तो एक आवास मिला और ना ही जॉब कार्ड दी गई है। घटना से मृतक के बस्ती में मातम छाया हुआ है। शोक संतप्त लोगों ने दो शाम चूल्हे नहीं जलाए।
