मौसम अनुकूल रहने से गोभी बीज उत्पादक गदगद
मौसम अनुकूल रहने से गोभी बीज उत्पादक गदगद
मौसम अनुकूल रहने से गोभी के बीज होंगे पुष्ट, किसान अच्छी उपज लेने के लिए फसल में सिंचाई के साथ कर रहे छिड़काव
महुआ। रेणु सिंह
दिसंबर और जनवरी महीने में अभी तक शीतलहर और कुहासे का प्रकोप बहुत कम होने से गोभी बीज उत्पादक किसान गदगद है। इस समय गोभी में पीले पीले फूल खिल आए हैं और उनमें दाने की छीमिया भी लगनी शुरू हो गई है। इसे देख उत्पादकों में खुशी छाई है। किसान अच्छी उपज लेने के लिए उसमें कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहे हैं।
रविवार को यहां गोभी बीज उत्पादक किसानों ने बताया कि इस बार अभी तक शीतलहर और कुहासा न के बराबर होने से फसल अच्छी है और उसमें छीमिया भी लगने लगी है। किसानों ने बताया कि पूर्वा हवा चलने से शीतलहर और कुहासा में लाही का प्रकोप फूलदार फसलों पर होता है। लाही खासकर गोभी के बीज उत्पादन और सरसों के फूलों पर असर डालती है। लाही से गोभी बीज के फूल काले पड़ जाते हैं। जिसके कारण फसल खराब हो जाती है और उसके दाने पुष्ट नहीं होते हैं। खेतों में तैयार किया जा रहे गोभी के बीज की फसल पर पीले-पीले फूल खिल गए और दाने भी लगने लगे हैं। मौसम अनुकूल रहने से फसल अच्छी होने के आसार हैं। महुआ के गोविंदपुर, रसूलपुर मुबारक, अब्दुलपुर, मिर्जापुर, परमानंदपुर, परसौनिया, मिर्जानगर ओस्ती, माधोपुर ताजपुर बुजुर्ग, कन्हौली, धनराज, गढ़वाल, चांदसराय पकड़ी, छतवारा, छौराही, बकसामा, मजिया, लक्ष्मीपुर, कुशहर, डगरू सहित विभिन्न गांवों में किसान गोभी बीज का उत्पादन बड़े पैमाने पर करते हैं। किसान बताते हैं कि मौसम अनुकूल रहने से गोभी बीज उत्पादन अच्छी होती है। जिससे अच्छी आमदनी प्राप्त होती है। यहां की मिट्टी पर तैयार किए गए गोभी बीज की खरीदारी के लिए दुकानदार किसानों के घर तक पहुंचते हैं। किसान बताते हैं की नगदी आय के लिए फूलगोभी बीज का उत्पादन अच्छी स्रोत है। वे इसे किरण के रूप में खेती कर नगदी बिक्री करते हैं।
