March 14, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

अयोध्या में रघुराई को विराजमान होने पर भक्ति में डूबा महुआ इलाका

अयोध्या में रघुराई को विराजमान होने पर भक्ति में डूबा महुआ इलाका, लोगों में दिखा भक्ति, श्रद्धा, आस्था के साथ उत्साह
महुआ। रेणु सिंह
अयोध्या नगरी में प्रभु श्री राम को विराजमान होने पर महुआ का इलाका सोमवार को भक्ति में डूब गया। सभी मठ मंदिरों पर पूजा-पाठ हवन यज्ञ के साथ राम धुन संगीतमय संकीर्तन कार्यक्रम हुआ। जिसमें श्रद्धालु भक्ति में रमे रहे। रघुराई को अपने नए घर में आने की शुभ घड़ी पर शाम में सभी देवस्थानों पर दीपोत्सव के साथ लोगों ने अपने-अपने घरों को सजाकर खुशी के दीए जलाए। जिससे पूरा इलाका दिवालीमय हो गया।
महुआ के गद्दोपुर और कड़ियों गांव में नवनिर्मित मंदिर में रामलला और पंचमुखी हनुमान की मूर्ति स्थापित की गई। यहां पर भगवान को नगर भ्रमण कराकर उनकी स्थापना की गई। फुलवरिया पश्चिम काली स्थान पर रुद्राभिषेक और हनुमत आराधना कार्यक्रम हुआ। यहां पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ हो गई। उन्होंने हवन में आहुति देकर विश्व कल्याण के लिए कामना की। शाम होते ही खुशी के दीप जलाने के लिए महिला श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। यहां पूरा गांव भक्ति में लीन रहा। कन्हौली रामजानकी मंदिर से भगवान राम की भव्य मूर्ति के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में महिला, पुरुष, बच्चे देवी देवताओं के जयघोष करते और मंगलगान गाते चल रहे थे। 

श्री द्वारिका कैलाश धाम सरसई सरोवर, गायत्री शक्तिपीठ रानीपोखर डुमरी, नरसिंह धाम सिंघाड़ा, बरियारपुर बुजुर्ग, लक्ष्मीपुर, परसोनिया शिव मंदिर, शिव मंदिर प्रेमराज, विष्णु मंदिर सेहान, नारंगी सरसिकन, हरपुर बेलवा, मधौल, महुआ नगर परिषद के विभिन्न वार्ड, पुराना बाजार महावीर मंदिर, कालीघाट महुआ, माधोपुर, शाहपुर, चकोली, बाजितपुर सहित विभिन्न गांव के सभी मठ मंदिरों पर पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ हुई। वही शाम में कुल देवता से लेकर सभी मंदिर और घर पर घी के दीए जलाए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.