दहेज में 3 लाख की मांग पूरी नहीं किया तो विवाहिता की कर दी हत्या
दहेज में 3 लाख की मांग पूरी नहीं किया तो विवाहिता की कर दी हत्या
शादी में लगी मेहंदी के रंग फीके भी नहीं पड़े थे कि दहेज लोभियों ने नवविवाहित की ले ली जान, महुआ थाने के कन्हौली विशनपरसी शैलेश स्थान के पास की घटना
महुआ। रेणु सिंह
शादी में लगी शुभ मेहंदी के रंग अभी फीके भी नहीं पड़े थे कि दहेज लोभी ससुराल वालों ने नवविवाहिता की हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों को सौंप दी। घटना बीते बुधवार की शाम महुआ थाने के कन्हौली बिशनपरसी शैलेश स्थान के पास घटी।
मृतिका रेणु कुमारी समस्तीपुर जिले के पूसा थाना अंतर्गत महमदा गांव निवासी राजीव पासवान की पुत्री थी। घटना में मृतका के भाई रौशन कुमार के लिखित आवेदन पर पति समेत आगे दर्जन लोग नामजद किए गए हैं। उक्त गांव निवासी और मृतका के भाई रौशन कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में लिखा है कि उन्होंने बहन रेणु कुमारी की शादी 01 मई 2023 को महुआ थाने के कन्हौली बिशनपरसी शैलेश स्थान के पास विशुन पासवान के पुत्र नीरज कुमार के साथ सामर्थ्य के अनुसार विभिन्न उपहार देकर की थी। शादी के बाद ही विवाहित रेणु को ससुराल वालों द्वारा दहेज में 3 लाख रुपए अतिरिक्त मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। इस बीच दहेज लोभी ससुराल वालों द्वारा विवाहिता को हत्या कर दिए जाने के लिए प्लान किया जाने लगा। इसकी सूचना रेणु ने मायके वालों को दी। सूचना पर बीते बुधवार की दोपहर मायके वाले पहुंचे तो अपनी हत्या की प्लान ससुराल वालों द्वारा रचे जाने पर रेणु मायके वालों के साथ जाने के लिए गिदगिदाने लगी। जबकि ससुराल वालों ने यह कहकर मायके वालों को वापस कर दिया कि रविवार को पंचायत में फैसला होने के बाद ही उसे विदा करेंगे। इस बीच पुनः शाम में उसकी हत्या हो जाने की खबर पर शाम 7:30 बजे पहुंचे मायके वालों ने विवाहिता की हत्या होने की सूचना पुलिस वालों को दी। बताया गया है कि रेणु की हत्या कर उसका शव चादर से बांधकर टांग दिया था। इस मामले में मृतका के भाई ने पति नीरज कुमार के अलावा ससुर विशुन पासवान, भैसुर विक्रम कुमार, गोतमी मनीषा कुमारी, गौतमी के पिता और माता को नामजद किया है। घटना के बाद मृतिका के ससुराल वाले घर बंद कर फरार बताए गए हैं। पुलिस मामले की गहन छानबीन के साथ हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। उधर मृतिका का शव मायके वाले घर ले गए।
