April 18, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

शिवहर जिला में जुलाई के अंत तक शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य/नसीम रब्बानी

शिवहर जिला में जुलाई के अंत तक शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य/नसीम रब्बानी

– मेगा टीकाकरण अभियान: शिवहर नगर परिषद क्षेत्र में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा,
-अब प्रखंड स्तर पर अभियान तेज

शिवहर, 5 जुलाई| कोरोना के किसी भी वेरिएंट को मात देने के लिए वैक्सीन ही प्रभावी उपाय है। वैक्सीनेशन से ही कोरोना की संभावित तीसरी लहर की रोकथाम संभव है। इसको ध्यान में रख जिले में शत-प्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन के लिए चलाए जा रहे अभियान को तेज कर दिया गया है। कोशिश है कि निर्धारित आयु वर्ग के सभी लोगों को वैक्सीन की डोज लगा दी जाए। ऐसे अभियान का सकारात्मक नतीजा भी सामने आ रहा है। सिविल सर्जन डॉ आरपी सिंह ने बताया कि शिवहर जिला को जुलाई तक शत-प्रतिशत टीकाकरण करने का लक्ष्य है। इसकी शुरुआत शिवहर नगर परिषद से हुई है। जहां टीकाकरण (फ‌र्स्ट डोज) का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। शिवहर नगर परिषद में 65 टीमों ने मेगा कैम्प के माध्यम से लोगों को वैक्सीन लगायी है | नगर परिषद के बाद टीकाकरण के लक्ष्य को प्रखंड स्तर पर पूरा किया जाएगा। इसकी शुरुआत सोमवार को पुरनहिया प्रखंड से हुई। जहां दो दिन तक स्वास्थ्य विभाग की 43 टीम लोगों को टीका देगी। सिविल सर्जन डॉ आरपी सिंह ने बताया कि इस प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य है ब्लॉक का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन। उन्होंने बताया कि बहुत सारे लोगों का वैक्सीनेशन पहले हो चुका है, लेकिन जिन्होंने वैक्सीन नहीं ली है, उन्हें वैक्सीन दी जा रही है।

टीकाकरण के प्रति लोगों में आयी जागरूकता
सिविल सर्जन डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि कोरोना टीकाकरण कराने को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से किये जा रहे प्रयास का असर भी दिखने लगा है। अब ज्यादा संख्या में लोग टीकाकरण केंद्र पर पहुंचकर टीका लगवा रहे है। पंचायत स्तर के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, कर्मियों एवं जीविका दीदियों के साथ-साथ शिक्षकों के द्वारा किए जा रहे सम्मिलित प्रयास से टीकाकरण में अब गति आ गई है। लोगों में टीकाकरण के प्रति जो संशय था, वह खत्म हो गया है।

जागरूकता के लिए दौड़ रही टीका एक्सप्रेस

केयर इंडिया की डीटीएल पल्लवी बोस ने बताया कि मेगा टीका अभियान के दौरान टीका एक्सप्रेस दौड़ लगा रही है। टीका एक्सप्रेस के माध्यम से लोगों को टीकाकरण के साथ साथ जागरूक भी किया जा रहा। टीका एक्सप्रेस में ऑडियो सिस्टम लगाया गया है। ताकि टीकाकरण के संदेशों को लोगों तक पहुंचाया जा सके।

वैक्सीन लेने के बाद भी सावधानी जरूरी
सिविल सर्जन डॉ आरपी सिंह ने कहा कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन लेने के बाद भी सावधानी जरूरी है। कोरोना की तीसरी लहर न आए इसके लिए आवश्यक है कि सभी लोग मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। अपने हाथ को बार-बार साबुन से धोएं। अल्कोहल बेस्ड हैंड सैनिटाइजर का भी उपयोग करें। दो गज की शारीरिक दूरी हर हाल में बनाकर रखें। बिना किसी ठोस वजह के घर से बाहर न निकलें। साफ-सफाई का भी रखें ख्याल। पौष्टिक एवं सुपाच्य भोजन लें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.