हरतालिका तीज और चौथचंदा दोनों 06 सितंबर को
हरतालिका तीज और चौथचंदा दोनों 06 सितंबर को
महुआ। रेणु सिंह
सुहागिनों द्वारा अमर सुहाग के लिए की जाने वाली हरतालिका तीज और गणेश चतुर्थी (चौथचंदा) व्रत दोनों 6 सितंबर को होगा। दोनों व्रत एक साथ होने से क्षेत्र में भक्ति का माहौल छाने लगा है। वही लोग व्रत की तैयारी में भी जुटे हैं।
सोमवार को जानकारी देते हुए आचार्य नंदकिशोर झा ने बताया कि 06 सितंबर को भाद्रपद शुक्ल पक्ष तृतीया होने के कारण सुहागिने हरतालिका तीज व्रत का अनुष्ठान करेंगी। वही शाम में चंद्रोदय चतुर्थी में होगा। जिसके कारण गणेश चतुर्थी (चौथचंदा) व्रत भी उसी दिन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि तृतीया तिथि और हस्त नक्षत्र में सूर्य का उदय हो रहा है। मालूम हो कि महुआ इलाके में तीज और चौथचंदा व्रत दोनों धूमधाम से मनाई जाती है। तीज पर सुहागिने सोलहो श्रृंगार से परिपूर्ण होकर व्रत रखती हैं और पंडित से भगवान की कथा श्रवण करती है। वहीं चौथचंदा पर शाम में चंद्रोदय होने पर दही, फल, खीर, पूड़ी, पकवान, मौसमी अनाज आदि से अर्ध्य दिया जाता है।
