कन्हौली उन्ताहा कुशहर बाईपास सड़क पर बिशनपुर बेझा मुनेश्वर चौक की घटना
महुआ। रेणु सिंह
दो बाइकों के बीच आमने-सामने हुई टक्कर में एक बाइक सवार पति की मौत हो गई जबकि पत्नी समेत दो सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मंगलवार की पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे महुआ हाजीपुर सड़क के कन्हौली उन्ताहा से कुशहर जाने वाली बाईपास सड़क पर बिशनपुर बेझा मुनेश्वर चौक के पास घटी।
मृतक 70 वर्षीय बिंदा प्रसाद सिंह कन्हौली धनराज पंचायत के वार्ड संख्या 12 बिशनपुर बेझा के रहने वाले थे। वहीं घटना में मृतक की पत्नी 65 वर्षीया राजकुमारी देवी और दूसरे बाइक सवार हसनपुर ओस्ती निवासी मुकेश पासवान के पुत्र 18 वर्षीय शाहिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दूसरा सवार निकल भागा। बताया गया कि बिंदा प्रसाद सिंह लूना गाड़ी से अपनी पत्नी के साथ घर से बथान जा रहे थे। इस बीच हरपुर ओस्ती की ओर से कन्हौली उन्ताहा की तरफ आ रहे बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। बताया गया की घटना में गंभीर रूप से घायल बिंदा प्रसाद सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर ले जाया जा रहा था। इस दौरान उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। मौत के बाद लोग रास्ते से उनका शव वापस घटनास्थल ले आए।
