रेल, मुख्यालय हाजीपुर में पुरस्कार वितरण समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
रेल, मुख्यालय हाजीपुर में पुरस्कार वितरण समारोह
व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
हाजीपुर – 25.09.2024
श्री छत्रसाल सिंह, महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर की अध्यक्षता में आज दि. 25.09.2024 को राजभाषा पखवाड़ा-2024 का पुरस्कार वितरण समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस अवसर पर राजभाषा पखवाड़ा-2024 की प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को एवं वर्ष-2024 के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार में सराहनीय कार्य/कार्यान्वयन में सहयोग करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र व नकद पुरस्कार प्रदान किया गया. इसके साथ सर्वोत्तम पुस्तकालय के अंतर्गत मैथिलीशरण गुप्त हिंदी पुस्तकालय/धनबाद को प्रथम व हरिवंशराय बच्चन हिंदी पुस्तकालय/डीडीयू को द्वितीय, सर्वोत्तम समिति के अंतर्गत हाजीपुर स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति/सोनपुर को प्रथम व सीतामढ़ी स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति/डीडीयू को द्वितीय तथा सर्वोत्तम पत्रिका के अंतर्गत डीडीयू मंडल की “रेलमुक्ता” पत्रिका को पुरस्कृत किया गया. सामूहिक पुरस्कार के अंतर्गत प्रशासन विभाग, पूमरे/हाजीपुर, डीडीयू मंडल के यांत्रिक शाखा एवं यांत्रिक कारखाना, पूमरे/समस्तीपुर को सामूहिक पुरस्कार प्रदान किया गया. इस समारोह की शुरूआत मुख्यालय कला समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति के साथ हुई जिसमें रेल कलाकरों ने एक से बढ़कर एक गीत और नृत्य प्रस्तुत किया. महाप्रबंधक महोदय ने राजभाषा विभाग को कार्यक्रम की बधाई देते हुए सभी पुरस्कार विजेताओं को भी हिंदी में प्रशंसनीय कार्य करने के लिए बधाई दी और राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को और गति प्रदान करने के लिए हमेशा सचेष्ट रहने को कहा. श्री सिंह ने इस विशेष अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा पखवाड़ा-2024 के अवसर पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया. इसके लिए उन्होंने राजभाषा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दिया.
उल्लेखनीय है कि पूर्व मध्य रेल, मुख्यालय, हाजीपुर में राजभाषा विभाग द्वारा दि. 02 सितम्बर से 25 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा-2024 का सफल आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन दि. 02.09.2024 को हिंदी कार्यशाला से की गई. उसी क्रम में दि. 04.09.24 को हिंदी निबंध, दि. 06.09.24 को हिंदी टिप्पण व प्रारूप लेखन, दि. 09.09.24 को हिंदी वाक्, दि. 11.09.24 को राजभाषा क्विज (अधिकारियों के लिए), दि. 13.09.24 को राजभाषा क्विज (कर्मचारियों के लिए) एवं दि. 16.09.24 को विचार-गोष्ठी का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
मौके पर उपस्थित अपर महाप्रबंधक श्री अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि भारतीय रेल जिस प्रकार देश की जीवन-रेखा है और इस विशाल देश को भौगोलिक रूप से जोड़ती है उसी प्रकार राजभाषा हिंदी भारतीय जनमानस को एक सूत्र में पिरोती है। हम प्राय: सुनते हैं कि जिस देश की अपनी कोई भाषा नहीं है वह राष्ट्र गूँगा है। इन्हीं कारणों से हिंदी को राजभाषा बनाने की माँग सबसे पहले हिंदीतर भाषियों ने उठायी। इसी तथ्य से राजभाषा हिंदी के महत्व को समझा जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए श्री अतुल कुमार, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (औ.सं.व कल्याण) ने कहा कि 02 सितंबर से चल रहे राजभाषा पखवाड़ा समारोह के अंतर्गत आज दि. 25.09.24 को पुरस्कार वितरण समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम है. उन्होंने मौके पर उपस्थित महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक, प्रधान विभागाध्यक्षगण सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया. कार्यक्रम का समापन श्री अनिल कुमार शर्मा, राजभाषा अधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुई.
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी
