पुत्र को परीक्षा दिलाकर घर लौट रहे बाइक सवार पिता की मौत से कोहराम
पुत्र को परीक्षा दिलाकर घर लौट रहे बाइक सवार पिता की मौत से कोहराम
महुआ हाजीपुर सड़क पर सेंदुआरी स्कूल के पास वाहन ने कुचला, घटना में पुत्र भी हुआ घायल
महुआ। रेणु सिंह
पुत्र को परीक्षा दिलाकर घर लौट रहे बाइक सवार पिता को वाहन ने कुचल दिया।जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बुधवार की शाम महुआ हाजीपुर सड़क पर सदर थाना अंतर्गत सेंदुआरी स्कूल के पास घटी।
मृतक 38 वर्षीय संतोष चौधरी महुआ थाना अंतर्गत सिंघाड़ा कदम चौक निवासी अर्जुन चौधरी का पुत्र था। संतोष चौधरी अपने पुत्र 15 वर्षीय अभिषेक को परीक्षा दिलवाकर हाजीपुर से घर लौट रहा था। इस दौरान वाहन ने उसके बाइक में ठोकर मारते हुए उसे कुचल दिया। घटना में संतोष चौधरी का सर कुचल जाने से पहचान मिट गई। हालांकि इस दुर्घटना में उनके साथ आ रहे घायल पुत्र अभिषेक से पहचान हुई और सूचना परिजनों तक दी गई। इधर घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात अवरुद्ध हो गया। वहीं पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
छोटा व्यवसाय कर परिवार चलता था मृतक संतोष:
मृतक संतोष चौधरी छोटा व्यवसाय कर घर परिवार चलता था। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। छोटा भाई अखिलेश चौधरी और मुकेश चौधरी मजदूरी कर घर परिवार चलते हैं। तीन पुत्र 15 वर्षीय अखिलेश, 12 वर्षीय आदित्य और 10 वर्षीय सोनू पढ़ाई करते हैं।
घटना की खबर मिलते ही चित्कार से दहल उठा सिंघाड़ा कदम चौक:
संतोष चौधरी अपने सबसे बड़े पुत्र 15 वर्षीय अभिषेक को हाजीपुर परीक्षा दिलाने गया था। परीक्षा के बाद वह बाइक से पिता पुत्र घर लौट रहे थे। इस दौरान सेंदुआ में मनहूस घटना हो गई। यह खबर जैसे ही परिजनों को मिली। उनमें कोहराम मच गया। वहीं मृतक गां कदम चौक पर मातमी सन्नाटा छा गया और लोग घटना की खबर सुनकर दहल उठे। घर के लोग को लोग ढांढस तो दिला रहे थे लेकिन कमाऊ समांग को चले जाने से हर व्यक्ति सदमें में था।
