स्कॉर्पियो ट्रैक्टर के बीच हुई सीधी टक्कर में दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त महुआ पंचमुखी चौक के पास की घटना
महुआ। रेणु सिंह
स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर के बीच हुई सीधी टक्कर में दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। वही स्कॉर्पियो के तो परखचे उड़ गए। घटना मंगलवार की अपराह्न महुआ नगर परिषद के पंचमुखी चौक के पास घटी। बताया जा रहा है कि मंगरू चौक की ओर से अब्दुलपुर की ओर जा रहे स्कॉर्पियो के चालक ने पंचमुखी चौक के पास गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। जिससे स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बगल के दीवार से टकराते हुए सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। हालांकि भगवान का शुक्र था कि दोनों गाड़ियों के चालक और सवार बाल बाल बच गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर लगने के बाद दोनों गाड़ियों के चालक और सवार भाग निकले। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि जिस तरह दोनों गाड़ियों में भीषण टक्कर हुई। ऐसा लगा जैसे बड़ी घटना हो गई। वही टक्कर की आवाज काफी दूर तक लोगों को सुनाई दी और लोग दौड़े दौड़े पहुंचे। लोगों ने बताया कि दोनों गाड़ियों के चालक की लापरवाही के कारण यह घटना घटी। उक्त चौक पर भीड़ होने के बावजूद चालक गाड़ी पर ब्रेक लगाना नहीं चाहता। घटना में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं ट्रैक्टर का ट्रॉली पलट गया और चक्का टूटकर बिखर गया।