लक्ष्य इंटरनेशनल अकादमी, बरडीहा में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न।
मुख्य अतिथि मेजर जनरल ए.एस. बजाज एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती तेजलीन कौर ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित।
पातेपुर से मोहम्मद एहतेशाम पप्पु की रिपोर्ट।
प्रखंड क्षेत्र के बरडीहा स्थित लक्ष्य इंटरनेशनल अकादमी में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह (सीनियर्स) उत्साह, गरिमा और प्रेरणा से परिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय में मेजर जनरल ए.एस. बजाज, अतिरिक्त महानिदेशक, एनसीसी निदेशालय बिहार एवं झारखंड मुख्य अतिथि तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती तेजलीन कौर, युएनएसीसीसी एम्बेसडर एवं भारतीय सेना की इकोलॉजिकल एवं एमेनिटी कमिटी की चेयरपर्सन को विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन से हुई, तत्पश्चात छात्र छात्राओं के द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। झिझिया लोकनृत्य, पंजाबी मिक्स डांस, हिंदी सोल नृत्य, और इंग्लिश बैले डांस जैसे रंगारंग कार्यक्रमों ने मंच पर रंग भर दिए और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय में छात्रों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया जिनमें अकादमिक टॉपर्स, सर्वांगीण उत्कृष्टता पदक, डवलपमेंट रिकग्निशन और उत्कृष्ट उपस्थिति जैसे विशेष सम्मान शामिल थे। पुरस्कारों का वितरण क्रमशः संस्थापक अध्यक्ष, निदेशक प्रशासन, प्रबंध निदेशक और अंत में मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि के कर-कमलों से किया गया। मुख्य अतिथि मेजर जनरल ए.एस. बजाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा की अनुशासन ही सफलता की नींव है। अपने सपनों के लिए निडर और जिद्दी बनिए। अपने विद्यालय की हर सुविधा का लाभ उठाइए, और आज में जीते हुए देश का गौरव बढ़ाइए। विशिष्ट अतिथि श्रीमती तेजलीन कौर ने अपने संदेश में सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स की महत्ता पर बल दिया और विद्यार्थियों को अपने हरियाली युक्त, स्वच्छ एवं खुले परिसर से प्रेम करने और उसकी रक्षा करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय की नई नेतृत्व टीम को भी औपचारिक रूप से शपथ दिलाई गई। स्कूल कैप्टन अलीशा और वाइस कैप्टन शुभम ने मंच पर बैज प्राप्त करने के बाद सभी प्रीफेक्ट्स के साथ कर्तव्य शपथ ली और विद्यालय के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष रामप्रवेश राय ने अपने संबोधन में कहा की मेरा सपना एक समृद्ध, जीवंत और प्रेरक विद्यालय का था, जो आज साकार होता प्रतीत हो रहा है। हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि हम इतने विशिष्ट और प्रेरणास्पद व्यक्तित्वों की उपस्थिति में यह आयोजन कर पाए। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मंच पर उपस्थित रहे संस्थापक चेयरमैन विश्वदेव राय, संस्थापक अध्यक्ष , रामप्रवेश राय, निदेशक प्रशासन , मयंक शेखर पीएच.डी. स्कॉलर, दिल्ली विश्वविद्यालय, प्रबंध निदेशक विशाल कुमार, प्राचार्य सुरेंद्र रजक, कार्यक्रम समन्वयक गुलशन कुमार, उपस्थित थे। विद्यालय के समर्पित चार शिक्षकों जेपी रौशन, आशा कुमारी, कुसुम कुमारी, और सशीबाला कुमारी को 10 वर्षों की सेवा पूर्ण करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।