मतदाता पुनरीक्षण के खिलाफ महागठबंधन ने किया महुआ में चक्का जाम
मतदाता पुनरीक्षण के खिलाफ महागठबंधन ने किया महुआ में चक्का जाम
बंद रही सभी दुकाने, चक्का जाम होने से यात्रियों को आने-जाने में हुई फजीहत
महुआ। रेणु सिंह

ट्रेड यूनियन के द्वारा घोषित बुधवार को आम हड़ताल में महा गठबंधन के द्वारा मतदाता पुनरीक्षण के विरोध में चक्का जाम आंदोलन किया गया। महा गठबंधन के सभी दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने झंडा बैनर लेकर सड़क पर उतरे और वाहनों की आवाजाही रोक दी।
महुआ बाजार से होकर विभिन्न शहरों के लिए लाइफ लाइन कहे जाने वाली वाया नदी सड़क पुल को बांस बेरियल लगाकर जाम कर दिया। इस चक्का जाम में कांग्रेस, राजद, कम्युनिस्ट पार्टी, रालोजपा के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए। महुआ हाजीपुर सड़क पर पानापुर मिडिल स्कूल के पास पुलिस चेक पोस्ट की बैरियर को ही लोगों ने सड़क पर लगाकर जाम कर दिया।
यहां पर हाजीपुर की ओर से आ रहे महुआ एसडीओ किसलय कुशवाहा की गाड़ी को भी कुछ देर तक रोक दिया। हालांकि उनके बॉडीगार्ड उतरकर बैरियर को हटाया और उसे स्कूल परिसर में ले जाकर शिक्षक को हवाले किया। इसके बाद यहां सड़क खुल गई। उधर बेलकुंडा में महागठबंधन के कार्यकर्ता सड़क पर बैठे रहे। महुआ में कांग्रेस के झरी राय के साथ पूर्व उपप्रमुख सत्येंद्र कुमार राय, राजद के प्रखंड अध्यक्ष नसीम रब्बानी के नेतृत्व में संजीत कुमार, रामाशंकर यादव, कम्युनिस्ट पार्टी के प्रकाश प्रियदर्शी, रालोजपा के पारस गुप्ता, प्रकाश कुमार चंदन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम किया। महुआ ताजपुर मार्ग, महुआ मुजफ्फरपुर, महुआ देसरी मार्ग को भी कार्यकर्ताओं ने जाम किया। सड़क पर उतरे सभी दलों के कार्यकर्ताओं के हाथ में स्लोगन लिखी तख्तियां थी। उनका कहना था कि शराबबंदी, नोटबंदी के बाद सरकार वोट बंदी करने का प्लान कर रही है। इधर चक्का जाम होने से खासकर दैनिक यात्रियों को फजीहत हुई। दूर दराज से वाहनों पर आ रहे यात्री परेशान रहे। कुछ लोग तो माथे पर पेटी-बक्सा लेकर पैदल ही गंतव्य स्थान को निकले। इधर एसयूसीआई के ललित कुमार घोष के नेतृत्व में पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भारत बंद का समर्थन किया।
