सभी विभाग आपसी समन्वय से जमीनी स्तर पर करे योजनाओं का क्रियान्वयन – जिलाधिकारी
सभी विभाग आपसी समन्वय से जमीनी स्तर पर करे योजनाओं का क्रियान्वयन – जिलाधिकारी
जिलाधिकारी द्वारा प्रगति यात्रा एवं सात निश्चय योजना की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न
जिला पदाधिकारी वैशाली ,श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा प्रगति यात्रा एवं सात निश्चय योजना से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय सभागार, हाजीपुर में आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी ने माननीय मुख्यमंत्री की विगत वर्ष सम्पन्न प्रगति यात्रा के दौरान जिले में विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अंतर्गत किए गए उद्घाटन, शिलान्यास तथा घोषणाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा के दौरान घोषित सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें तथा कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा सात निश्चय भाग–2 के अंतर्गत संचालित विभिन्न घटकों एवं योजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई। ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (शहरी) योजना के अंतर्गत सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे योजनाओं की प्रगति की जांच कर पूर्णता सुनिश्चित करें। हर घर नल का जल (शहरी) योजना के तहत शेष बचे घरों को शीघ्रता से आच्छादित करने का निर्देश संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को दिया गया।
बैठक में सभी गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु जिला पंचायती राज पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं हर खेत तक सिंचाई का पानी योजना के अंतर्गत कार्यपालक अभियंता को योजनाओं की जमीनी स्तर पर जांच कर आवश्यक त्रुटि-सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम को राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी योजनाएं बताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को इनके प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले में बेहतर उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सात निश्चय भाग–2 के अंतर्गत जो भी कार्य अभी शेष हैं, उन्हें यथाशीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं की जिला प्रशासन द्वारा सतत मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
