जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा “आमजन से मिलने का कार्यक्रम” के तहत 51 परिवादों पर की गई सुनवाई
जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह द्वारा “आमजन से मिलने का कार्यक्रम” के तहत 51 परिवादों पर की गई सुनवाई
रिपोर्ट प्रभंजन कुमार
‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत जिले में 304 से अधिक शिकायतों पर हुई सुनवाई
हाजीपुर वैशाली जिले में ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश पर पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी कार्यालयों में आम जन से मिलने का कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभी पंचायत कार्यालयों, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों, अनुमंडल कार्यालयों तथा जिला स्तरीय विभागों में आयोजित जनता दरबार के माध्यम से आमजन की समस्याओं को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों द्वारा गंभीरता से सुना गया तथा यथासंभव त्वरित निष्पादन भी किया गया। कार्यक्रम के तहत आमजन से संबंधित 304 से अधिक आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से ज्यादातर मामलों निष्पादन कर दिया गया तथा शेष आवेदनों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के कार्यालय कक्ष में आम लोगों से साक्षात्कार कार्यक्रम “जनता दरबार” का आयोजन किया गया। इस दौरान एक-एक कर उपस्थित आमजनों की समस्याओं एवं परिवादों को गंभीरता, संवेदनशीलता और पूरी एकाग्रता के साथ सुना गया तथा प्रत्येक मामले पर आवश्यक निर्देश देते हुए सुनवाई की गई, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान कुल 51 परिवादों की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परिवाद पत्रों पर सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर प्रतिवेदन जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ताओं को समाधान की स्थिति से अवगत कराया जाए, ताकि जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।
