March 14, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

डीएम वैशाली के निर्देश पर हाजीपुर नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान संचालित

डीएम वैशाली के निर्देश पर हाजीपुर नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान संचालित

जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशानुसार आज दिनांक 13 मार्च 2026 को हाजीपुर नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर परिषद हाजीपुर एवं नगर थाना हाजीपुर की संयुक्त टीम द्वारा संचालित किया गया।

अभियान के अंतर्गत त्रिमूर्ति चौक से गांधी चौक होते हुए राजेन्द्र चौक तक सड़क एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर प्रबंधक, नगर परिषद हाजीपुर डॉ. सूर्य प्रकाश तथा डीपीओ, नमामि गंगे श्री मुनेश कुमार द्वारा किया गया।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेला, दुकान एवं अन्य सामग्री को हटाया गया। साथ ही अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों पर कुल ₹8,900 (आठ हजार नौ सौ) रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया तथा कुछ सामग्री की जब्ती भी की गई। संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण नहीं करने के लिए कड़ी चेतावनी दी गई है।

अभियान के दौरान दुकानदारों एवं व्यवसायियों को यह निर्देश दिया गया कि वे बैरिकेटिंग से दो फीट के अंदर रहकर ही अपने व्यवसाय का संचालन करें। बैरिकेटिंग के पास अथवा उसके बाहर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि हाजीपुर नगर क्षेत्र के विभिन्न भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा हो तथा शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु एवं व्यवस्थित बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.