जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण का दूसरा दिन संपन्न
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु जिला स्तरीय प्रशिक्षण का दूसरा दिन संपन्न
जिलाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में जिले में प्रस्तावित जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन शुक्रवार को जिला परिषद सभागार, हाजीपुर में संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण जिले के वरीय पदाधिकारियों तथा जनगणना कार्य के लिए गठित विभिन्न कोषांगों में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के लिए जिले में 12 मार्च से 17 मार्च 2026 तक दो चरणों में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को आयोजित प्रथम चरण के प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर लोकनाथ भारती, सहायक निदेशक, जनगणना निदेशालय, पटना तथा आयुषी सिंह, सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-2 द्वारा प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण की प्रक्रिया, परिवारों के विवरण का संकलन, जनगणना प्रपत्रों का संधारण, डिजिटल डेटा प्रविष्टि सहित जनगणना से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण मॉड्यूल के अनुसार Census Management and Monitoring System (CMMS) के संबंध में जानकारी देते हुए टेस्ट पोर्टल पर चार्ज अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा प्रगणकों के यूजर आईडी बनाने का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए मकान सूचीकरण ब्लॉक के गठन, मैपिंग तथा चौहद्दी निर्धारण की प्रक्रिया को भी समझाया गया। साथ ही जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त होने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के सर्कल गठन, नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, जिला विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए उप विकास आयुक्त, वैशाली प्रशिक्षण के वरीय पदाधिकारी के रूप में तथा डीआरडीए के निदेशक, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी एवं आईटी प्रबंधक नोडल पदाधिकारी के रूप में मौजूद रहे।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे प्रशिक्षण में गंभीरता से भाग लें तथा प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्यों को सटीक, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
