March 14, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

एलपीजी आपूर्ति को लेकर डीएम वर्षा सिंह सख्त, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गैस एजेंसी संचालकों के साथ समीक्षा; सुचारु वितरण एवं निगरानी के दिए निर्देश

एलपीजी आपूर्ति को लेकर डीएम वर्षा सिंह सख्त, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गैस एजेंसी संचालकों के साथ समीक्षा; सुचारु वितरण एवं निगरानी के दिए निर्देश

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 13 मार्च 2026 को जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एम.ओ.) तथा वैशाली जिले के सभी गैस एजेंसी संचालक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

समीक्षा बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सुचारु उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए तथा एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी परिस्थिति में अनावश्यक रूप से वापस नहीं लौटाया जाए।

जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि एजेंसियों के कैश काउंटर पर क्यूआर स्कैनर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूले जाने की संभावना समाप्त हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यदि एजेंसियों पर भीड़ की स्थिति उत्पन्न होती है तो वहां कार्यरत कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ सम्मानजनक एवं शालीन व्यवहार रखें तथा किसी भी प्रकार की अभद्रता से बचें।

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी ने एजेंसी संचालकों को पेयजल, शेड तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी गई कि पिछले कुछ दिनों से ओटीपी (OTP) से संबंधित तकनीकी समस्या के कारण कुछ उपभोक्ताओं को घर पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है, जिसके कारण कई उपभोक्ताओं को स्वयं गैस एजेंसी आउटलेट पर जाना पड़ रहा है और कुछ स्थानों पर भीड़ की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि गैस सिलेंडर उपलब्ध है तो किसी भी उपभोक्ता को वापस नहीं लौटाया जाए। ओटीपी की समस्या होने की स्थिति में भी फिजिकल रजिस्टर में प्रविष्टि कर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से परेशानी न हो।

डीएम वर्षा सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं पर्याप्त है। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति से बचने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सही जानकारी पहुंचाई जा सके।

बैठकों में यह भी बताया जाएगा कि ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर की एक बुकिंग के बाद अगली बुकिंग 45 दिनों के बाद ही संभव है। इसलिए उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से बार-बार बुकिंग करने या गैस सिलेंडर का भंडारण करने से बचने की सलाह दी गई है।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों में फ्लेक्स बोर्ड लगाकर गैस आपूर्ति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदर्शित की जाए। इसके साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों में भी ऐसे फ्लेक्स लगाए जाएंगे, ताकि आम जनता तक सही संदेश पहुंच सके और अफवाहों को रोका जा सके।

गैस वितरण व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए विभिन्न प्रखंडों में पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में गैस एजेंसियों एवं वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी करेंगे।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित थाना अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि गैस एजेंसियों के आसपास नियमित रूप से गश्ती वाहन चलाना सुनिश्चित करें, ताकि भीड़ या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।

साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि व्यावसायिक (कॉमर्शियल) गैस सिलेंडर केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को ही उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आवश्यक सेवाओं का संचालन प्रभावित न हो सके।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि किसी एजेंसी द्वारा जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा किसी प्रकार की अनियमितता बरती जाती है तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अंत में जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने कहा कि जिले में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और प्रशासन द्वारा इसकी लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित गैस एजेंसी अथवा जिला प्रशासन को सूचित करें, ताकि शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.