एम्स पटना के बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग द्वारा ऑपरेटिव वर्कशॉप एवं बिहार-झारखंड मिडटर्म एकेडमिक मीट का तीन दिवसीय आयोजन
एम्स पटना के बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग द्वारा ऑपरेटिव वर्कशॉप एवं बिहार-झारखंड मिडटर्म एकेडमिक मीट का तीन दिवसीय आयोजन
फुलवारीशरीफ (फातमा जहां)
आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और एस्थेटिक प्लास्टिक सर्जरी के क्षेत्र में नई संभावनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, एम्स पटना के बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग द्वारा ऑपरेटिव वर्कशॉप एवं बिहार-झारखंड मिडटर्म एकेडमिक मीट का आयोजन 27 से 29 मार्च 2026 तक किया जा रहा है। यह कार्यक्रम इंडियन एसोसिएशन ऑफ एस्थेटिक प्लास्टिक सर्जन्स तथा बिहारदृझारखंड एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होगा।
तीन दिवसीय यह आयोजन देशभर के प्रतिष्ठित एस्थेटिक प्लास्टिक सर्जनों को एक मंच पर लाएगा। इस अवसर पर मेधा भावे, संदीप शर्मा, दिनेश कदम, वेंकट रमना, रजत गुप्ता, पराग तैलंग, वी एस राठौड़, जयंत दास, शिवांगी साहा, शीजा राजन, मानेश सिंघल और आदित्य अग्रवाल जैसे प्रख्यात विशेषज्ञ अपने अनुभव और नवीनतम तकनीकों को साझा करेंगे।
इस वर्कशॉप में ऑपरेटिव डेमोंस्ट्रेशन, वैज्ञानिक सत्र और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को एस्थेटिक सर्जरी की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रम में ब्रेस्ट सर्जरी (आकार बढ़ाना और कम करना), टमी टक (एब्डोमिनोप्लास्टी), नाक की सर्जरी (राइनोप्लास्टी), जबड़े की सर्जरी तथा पलकों की सर्जरी (ब्लेफेरोप्लास्टी) जैसी प्रमुख प्रक्रियाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही, बोटॉक्स, डर्मल फिलर्स और फेस रीजुवनेशन जैसी आधुनिक नॉन-सर्जिकल तकनीकों की भी जानकारी दी जाएगी।
यह पहल न केवल डॉक्टरों और सर्जनों के कौशल विकास को प्रोत्साहित करेगी बल्कि आम लोगों में सुरक्षित और विशेषज्ञ-निर्देशित एस्थेटिक उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी कार्य करेगी। साथ ही यह कार्यक्रम एम्स पटना में उपलब्ध उन्नत एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाओं को भी रेखांकित करता है।
कार्यक्रम के दौरान केस आधारित चर्चाएं, विशेषज्ञ व्याख्यान और पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी जिनके माध्यम से प्रतिभागियों को नवीनतम तकनीकों, नवाचारों और वैश्विक मानकों के अनुरूप उपचार पद्धतियों की जानकारी मिलेगी।
इस आयोजन का थीम- एस्थेटिक मास्टरीः फ्रॉम फंडामेंटल्स टू फिटनेस है, जो बुनियादी ज्ञान से लेकर उत्कृष्ट सर्जिकल दक्षता तक की यात्रा को दर्शाता है।
यह आयोजन स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एम्स पटना की उत्कृष्टता और नवाचार के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विभागाध्यक्ष डॉ. वीणा सिंह के नेतृत्व में डॉ. अंसारुल, डॉ. सर्सिज, डॉ. विश्वदीप, डॉ. कुलदीप सहित रेजिडेंट्स, नर्सिंग स्टाफ और एनेस्थीसिया टीम मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
’’’’
