टीकाकरण कराकर अब मैं कोविड से हुआ सुरक्षित- संजय / रिपोर्ट नसीम रब्बानी
टीकाकरण कराकर अब मैं कोविड से हुआ सुरक्षित- संजय रिपोर्ट नसीम रब्बानी
– घर- घर चल रहे टीकाकरण अभियान के कारण मुझको मिली नई जिंदगी
– पहले कोविड टीका लेने में था संशय, अब लोगों को करते हैं जागरूक

मोतिहारी ,15 नवम्बर। मोतिहारी शहर के वार्ड नं 10, डीह के निवासी दिव्यांग संजय अब खुश हैं क्योंकि उन्होंने कोरोना से बचने के लिए पहली डोज़ ले ली है। संजय ने बताया कि हमारे घर के सभी लोगों ने कोविड का टीका ले लिया था, परन्तु सिर्फ मैं ही अकेला ऐसा टीकाकरण से बचा रहा। क्योंकि मेरे माता पिता भी कोविड टीकाकरण कराए जाने के खिलाफ थे। उन्हें डर था कि कहीं टीका का कोई दुष्प्रभाव न हो जाए। इस कारण मेरे टीका लेने में देरी हो गयी। जबकि अंदर ही अंदर मुझे भी टीकाकरण कराने की इच्छा थी। टीकाकरण के कारण मुझे नई जिंदगी मिली है, क्योंकि टीका के कारण मैं कोरोना महामारी से बच सकूँगा।
– जागरूकता अभियान के कारण हुआ मेरा टीकाकरण:
दिव्यांग संजय ने बताया कि जब भी लोगों से मिलता तो वे लोग टीकाकरण की अपनी बात बताते,ऐसे में मेरी भी इच्छा थीं, कि मुझे भी टीका मिले। तब संयोग से मेरे माता पिता ने अखबारों में पढ़ा, सोशल मीडिया में देखा कि अब विकलांग को भी टीका दिया जा रहा है। घर घर टीके से वंचित लोगों का कोविड वैक्सीनेशन हो रहा है। तब उन्होंने घर के बगल के ही आंगनबाड़ी सेविका सुषमा कुमारी एवं आशा रेणुका बाला से सम्पर्क किया। उनलोगों के सहयोग से मुझे कोविड का टीका मिल पाया। घर- घर चल रहे कोविड टीकाकरण एवं जागरूकता अभियान के कारण सभी वंचितों को टीका लग रहा है, इस बात की भी मुझे खुशी है।
– टीका लेने में नहीं हुईं कोई परेशानी:
38 वर्षीय दिव्यांग संजय ने कहा कि पहले कोविड टीका लेने में मुझे भी संशय था। अब कोविड टीका लेकर मैंने देख लिया कि इससे कोई खतरा नहीं है।
– दूसरे डोज़ का है अब इंतजार :
दिव्यांग संजय ने बताया कि पहला डोज़ मिल चुका है। अब निश्चित समय पर दूसरा डोज़ लेकर आने वाले कोविड की लहर से मै पूरी तरह से सुरक्षित हो जाऊंगा। क्योंकि मैं जानता हूँ कि जब तक कोविड का दोनों डोज़ नहीं ले लेता तब तक मेरा शरीर कोविड से पूर्ण सुरक्षित नहीं है। टीका लेकर संजय अब अपने आस पास के लोगों को कोविड टीका के बारे मे जागरूक करते हैं। उन्होंने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव को देश भर में टीकाकरण चलाया जा रहा है,जिससे सभी आम लोगों का टीकाकरण किया जा रहा था, परन्तु राज्य सरकार, स्वास्थ्य विभाग ने अब घर घर टीम भेजकर टीकाकरण से वंचित लोगों, असहाय, दिव्यांग, बुजुर्ग के लिए टीकाकरण करा रही है। इसके लिए हम सरकार एवं विशेष रूप से जिलाधिकारी को धन्यवाद देना चाहते हैं ।क्योंकि उनसभी के सार्थक प्रयास के कारण ही हम जैसे असहाय को घर पर आसानी पूर्वक टीका लग पाया।
– जागरूकता के साथ लोगों से सम्पर्क कर हो रहा है टीकाकरण :
सीएस डॉ अंजनी कुमार ने कहा जागरूकता द्वारा लोगों से सम्पर्क कर टीकाकरण हो रहा है । ताकि लोग कोविड 19 का पहला एवं दूसरा टीका लगवा के खुद के साथ अपने परिवार समाज को सुरक्षित रख सकें । आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी स्कूलों, व स्वास्थ्य केंद्रों पर मास्क, सैनिटाइजर के साथ कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए टीकाकरण किया जा रहा है। बुजुर्ग, बीमार, दिव्यांग लोग के बारे में भी पता लगाकर उनके घर पर ही टीका दिया जा रहा है।
