April 18, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

जमुई जिला प्रशासन की नाक के नीचे छलकता रहा जाम, सर्किट हाउस में मिली महंगे ब्रांड की 100 बोतलें / रिपोर्ट नसीम रब्बानी

जमुई जिला प्रशासन की नाक के नीचे छलकता रहा जाम, सर्किट हाउस में मिली महंगे ब्रांड की 100 बोतलें / रिपोर्ट नसीम रब्बानी
संवाद सहयोगी, जमुई। बिहार विधानसभा में शराब की खाली बोतलें मिलने की घटना की जांच अभी पूरी नहीं हुई थी कि जमुई से शराब की खाली बोतलें बरामद होने की बड़ी खबर है। यहां सर्किट हाउस परिसर में शराब की 100 से ज्यादा खाली बोतलें मिली है। यूं कहें कि जिला प्रशासन की नाक के नीचे जाम छलकता रहा और प्रशासन अनजान बना रहा। बरामद खाली बोतलें 60 एमएल की टेस्टर कंपनी की है।

इसकी सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग एवं पुलिस की टीम खाली बोतलें जब्त कर छानबीन में जुट गई है। फिलहाल उक्त मामले में कुछ भी बताने से पुलिस एवं उत्पाद विभाग के अधिकारी परहेज कर रहे हैं। इधर जिला पदाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने मामले की जांच कराने की बात कही है।

बताया जाता है कि उसी दौरान मंत्री सुमित कुमार सिंह भी सर्किट हाउस में ठहरने पहुंचे थे लेकिन वहां का नजारा देख वह भी दंग रह गए और वहां से नाराज होकर गांव के लिए निकल पड़े। बताया जाता है कि सोमवार की देर शाम जमुई परिसदन के पिछले हिस्से के परिसर में बड़ी संख्या में शराब की बोतलें पड़ी होने की सूचना किसी ने उत्पाद विभाग एवं पुलिस को दी। इसके बाद वहां खलबली मच गई। आनन-फानन में पहुंचे अधिकारियों ने खाली बोतलों को जब्त कर लिया है।

बताया जाता है कि बरामद खाली बोतलें महंगे ब्रांड की है और उक्त ब्रांड की शराब बड़े शहरों में ही उपलब्ध है। जानकार बताते हैं कि आसपास के झारखंड के शहरों में भी यह शराब उपलब्ध नहीं है। बहरहाल सर्किट हाउस परिसर से बड़ी संख्या में खाली बोतलों की बरामदगी ने बड़ा सवाल खड़ा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.