April 16, 2026

NR INDIA NEWS

News for all

आज से 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को लगेगी वैक्सीन

आज से 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को लगेगी वैक्सीन

– पूर्वी चम्पारण जिले के 30 केंद्रों पर चल रहा है टीकाकरण

मोतिहारी, 31 मार्च
एक अप्रैल से 45 वर्ष व उससे अधिक उम्र के सभी लोगों को मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण) के 30 केन्द्रों पर कोरोना संक्रमण से सुरक्षित करने के लिए कोरोना का टीका दिया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ अखिलेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया लोगों की जागरूकता बहुत काम आयी है, जिसके कारण होली जैसे पर्व में भी कोरोना संक्रमण का मामला देखने को नहीं मिला। इस बार लोगों ने काफी सचेत होकर होली का त्यौहार मनाया है। सदर अस्पताल, सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गुरुवार से 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी योग्य लाभुकों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी।

राज्य स्वास्थ्य समिति ने दिये हैं निर्देश
जिला डाटा एवम अनुश्रवण पदाधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया राज्य स्वास्थ्य समिति से राज्य सभी सिविल सर्जन, जिलाधिकारी व अन्य पदाधिकारियों को 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी योग्य लाभुकों को कोरोना की वैक्सीन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। डीसीएम नन्दन झा व जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. शरद चन्द्र शर्मा ने बताया कोविड 19 वैश्विक बीमारी से बचाव के लिए एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों का कोविड वैक्सीनेशन किया जाएगा। सिविल सर्जन ने बताया जिले के सभी प्रखण्डों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी योग्य लाभर्थियों को कोरोना टीकाकरण सुनिश्चित कराना है।

टीकाकरण के लिए आधार कार्ड लाना है जरूरी
सिविल सर्जन ने बताया 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीनेशन के लिए अपने साथ आधार कार्ड सहित अन्य पहचान प्रमाण पत्र लाना है। ताकि कोविन के रजिस्ट्रेशन के दौरान कोई परेशानी न हो।

कोविड वैक्सीन है पूरी तरह सुरक्षित
सिविल सर्जन डॉ अखिलेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा जिला में कोरोना टीका लेने के लिए बुजुर्गों, महिलाओं, पेंशनधारियों की भागीदारी अच्छी है। यह अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कोविड वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है। लोगों को कोविड वैक्सीन लेने के बाद भी सहयोग के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों की पूरी टीम तैनात रहती है। कोविड टीका प्राप्त किए हुए सारे लोग स्वस्थ हैं। टीका के बारे में किसी प्रकार की अफवाह में ना पड़ें एवं अधिक से अधिक संख्या में टीका लेकर अपने एवं अपने परिवार को सुरक्षित करें।

वैक्सीनेशन के बाद भी जारी रखें एहतियात

डॉ अखिलेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा वैक्सीन लेने के बाद भी लोगों को कोविड- 19 से बचाव के लिए जारी गाइड लाइन का पालन जारी रखना जरूरी है। क्योंकि, वैक्सीन लेने के तुरंत बाद ही कोविड- 19 का दौर खत्म नहीं होगा। इसलिए, एहतियात जारी रखनी चाहिए। जिससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं हो और खुद के साथ पूरा समाज भी सुरक्षित रहे।

इन मानकों का ख्याल रख संक्रमण से रहें दूर
– दो गज की शारीरिक दूरी का हमेशा ख्याल रखें।
– मास्क का नियमित रूप से उपयोग करें।
– साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें।
– बाहरी खाना खाने से परहेज करें।
– घर से बाहर निकलने पर निश्चित रूप से सैनिटाइजर साथ रखें।
– भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.